 |
| Still frame from US Navy video of Iranian boat incident in Strait of Hormuz, 6 Jan. 2008 |
राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने होर्मुज़ स्ट्रेट में पांच सशस्त्र ईरानी नावों द्वारा तीन अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को परेशान करने की कार्रवाई को भड़काने वाली कार्रवाई करार दिया है ।
"यह एक खतरनाक स्थिति है और उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था । यह एक भड़काने वाली कार्रवाई थी ।"
पेंटागन ने इस घटना की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रकाशित की है ।
6 जनवरी को पांच ईरानी नौकाएं तीन अमेरिकी नौसैनिक जहाजों की ओर आक्रामक ढंग से बढ़ी थीं । अमेरिकी नौसैनिक फौज के सेंट्रल कमांड के कमांडर, अमेरिकी वाइस एडमिरल केविन कॉसग्रिफ ने कहा कि ईरानी नौकाओं ने ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के आदेश पर यह कार्रवाई की होगी । उन्होंने कहा कि तेज गति वाली पांच नौकाएं अमेरिकी काफिले की ओर बढ़ीं और दो गुटों में बंट गईं ।
"इस मुठभेड़ के दौरान एक बार अमेरिकी जहाजों को रेडियो पर एक संदेश मिला, जो धमकी भरा था, जिसका आशय था कि वे हमारे जहाजों के नजदीक आ रहे हैं और अमेरिकी जहाजों में विस्फोट हो जाएंगे । इसके बाद तीन में से दो नौकाओं को पानी में कुछ वस्तुएं गिराते देखा गया, जो आमतौर पर बेड़े के आखिरी जहाज, यूएसएस इनग्राहम का रास्ता है । ये सामान सफेद बक्से जैसी चीजें थीं, जो तैर रही थीं और जाहिर है कि जहाज उनके पास से सुरक्षित गुजर गया ।"
वाइस एडमिरल कॉसग्रिफ ने संभावित खतरे का उल्लेख किया ।
"यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि खाड़ी में, इस क्षेत्र- द कोल में और उत्तरी खाड़ी में कुछ वर्ष पहले हमारे ऊपर छोटी तेज गति वाली नौकाओं ने हमला किया था । हमारे कुछ लोग हताहत हुए थे और हम इसे बेहद गंभीरता से ले रहे हैं ।"
राष्ट्रपति बुश ने कहा कि अमेरिका ने ईरानियों को बहुत स्पष्ट बता दिया है कि अगर वे हमारे जहाजों पर हमला करेंगे तो उसके गंभीर परिणाम होंगे । उन्हें मेरी सलाह है कि ऐसा न करें ।