 |
| Mahmoud Ahmadinejad |
ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर एक इंच भी पीछे नहीं हटेगा । राष्ट्र संघ सुरक्षा परिषद ने ईरान द्वारा यूरेनियम संरवर्धन और पुनर्प्रसंस्करण कार्यक्रम को बंद करने की मांग को पूरा नहीं किये जाने के कारण उस पर प्रतिबंध लगाने के लिए दो प्रस्ताव पारित किये हैं । संवर्धित यूरेनियम का इस्तेमाल परमाणु हथियार बनाने के लिए विखंडनीय पदार्थ बनाने में किया जा सकता है । फिलहाल राष्ट्र संघ सुरक्षा परिषद प्रतिबंधों की तीसरी खेप के प्रस्ताव पर विचार कर रही है ।
श्री अहमदीनेजाद ने यह घोषणा भी की कि अगले कुछ महीनों में ईरान ने अंतरिक्ष में और अधिक रॉकेट छोड़ने की योजना बनाई है । इस महीने के शुरू में ईरान ने एक रॉकेट छोड़ा है । इससे पूरी दुनिया में चिंता फैल गई है, क्योंकि इसमें जिस तकनीक का प्रयोग हुआ है, वह वही है, जो लंबी दूरी तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसलों को छोड़ने के काम आती है ।
फॉक्स न्यूज़ को दिये एक साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने कहा है कि उन्होंने घबराए हुए देशों के सामने यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है कि ईरान एक खतरा है । श्री बुश ने ईरान पर दबाव बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया । उन्होंने कहा
“उन पर इतना दबाव डाला जाना चाहिए जिससे उन्हें लगे कि वे अलग-थलग पड़ गए हैं । इस दबाव का प्रभाव उनकी अर्थव्यवस्था पर होना चाहिए । उन पर तब तक दबाव बनाया जाना चाहिए कि कोई समझदार सामने आए और कहे कि ठीक है, ऐसा करना अब किसी फायदे का नहीं है ।”
श्री बुश ने कहा कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि हमारी बात का असर पड़ रहा है, लेकिन उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि ईरानी जनता और ईरान की सरकार के बीच भारी अंतर है । उन्होंने कहा कि हम ईरान की जनता का सम्मान करते हैं । उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपको जो आर्थिक कठिनाइयां झेलनी पड़ रही हैं , उनकी वजह वह फैसले हैं, जो आपकी सरकार ने लिये हैं ।