(वी.ओ.ए न्यूज़)
रूसी समाचारों में कहा गया है कि मॉस्को ने नई दिल्ली को पहले बेचे गए 60 से ज्यादा मिग-29 लड़ाकू विमानों को उन्नत बनाने के लिए भारत के साथ 1 अरब डॉलर के सौदे पर हस्ताक्षर किये हैं ।
मंगलवार को आई खबरों के अनुसार, रूस के रक्षा उपकरण निर्माण क्षेत्र के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि रूस के साथ हुए पांच-वर्षीय अनुबंध के तहत नए राडार, हथियार नियंत्रण प्रणालियां और संशोधित इंजनों को लगाने का प्रावधान है ।
समाचारों में कहा गया है कि उन्नत बनाने के इस कार्य से विमानों की कार्य करने की क्षमता में 15 वर्ष की वृद्धि होगी ।
रूस विश्व बाजार में हथियारों की बिक्री बढ़ाने के लिए सक्रिय है और हाल ही में उसने भारत को 2011 में बेचने के लिए सोवियत युग के एक विमानवाहक पोत की मरम्मत करने और उसे उन्नत बनाने का काम शुरू कर दिया है । पिछले महीने इस काम पर आने वाली लागत को लेकर हुए विवाद का निपटारा कर दिया गया था ।
इस समझौते के तहत 45,000 टन के एडमिरल गोर्शकोव को नई दिल्ली को सौंपने से पहले उस पर 1 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च करके उसे आधुनिक बनाया जा रहा है ।