वायस औफ़ अमेरिका  ▪ Hindi
हमें सुने, सब कुछ जानें

केवल आलेख
खोजने के लिए यहां क्लिक करें

पाकिस्तान में संसद का गठन

17/03/2008

(संवाददाता, वी.ओ.ए न्यूज़)

Parliament Building
Parliament Building
इस्लामाबाद में पाकिस्तानी संसद का गठन हो गया है, लेकिन इस महीने के अंत तक, जब एक नई सरकार सत्ता में आएगी, कुछ महत्वपूर्ण घटने की संभावना नहीं है । परंतु जैसा कि वी.ओ.ए संवाददाता स्टीव हर्मन ने राजधानी से खबर दी है, सांसदों के लक्ष्यों की वजह से उनके और देश के राष्ट्रपति तथा वॉशिंगटन में और अन्यत्र राष्ट्रपति के समर्थकों के बीच मतभेद हो सकते हैं ।

 

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय बेनज़ीर भुट्टो की पार्टी के सदस्यों ने राष्ट्रीय असेंबली में अपनी दिवंगत नेता की तस्वीरों के बिल्ले लगाकर अपने स्थान ग्रहण किये । पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के पास सबसे ज्यादी सीटें हैं और वह इस महीने के अंत में प्रधानमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार पेश कर सकती है ।  

 

राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ द्वारा 1999 में सैन्य क्रांति करके सत्ता अपने हाथ में लेने के बाद देश में नागरिक शासन लागू होने का यह पहला अवसर होगा । श्रीमती भुट्टो के पति आसिफ अली ज़रदारी ने, जो अब पीपीपी के सह-अध्यक्ष हैं, 13वीं राष्ट्रीय असेंबली के गठन को विश्व के लिए यह संकेत बताया कि पाकिस्तान में लोकतंत्र लौट रहा है । श्री ज़रदारी ने कहा कि तानाशाही के दिन खत्म हो चुके हैं और लोगों के समर्थन से सांसदों ने सुनिश्चित किया कि लोकतंत्र की बहाली हो ।

 

पिछले महीने हुए चुनावों में दूसरे नंबर पर रही पार्टी, एक अन्य पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की मुस्लिम लीग पार्टी ने प्रधानमंत्री पद के लिए पीपीपी के उम्मीदवार को समर्थन देने का वायदा किया है । यह कयास लगाए जा रहे हैं कि श्री ज़रदारी इस पद पर बैठने के इच्छुक हैं, लेकिन जब तक वह संसद में सीट हासिल नहीं कर लेते, जो शायद आगामी उप चुनाव लड़ने पर संभव हो सकता है, तब तक एक अंतरिम प्रधानमंत्री को चुना जाना जरूरी है ।

 

पीपीपी और श्री शरीफ की पार्टी के बीच हुए समझौते में राष्ट्रपति द्वारा बर्खास्त किये गए उच्च न्यायालय के 60 न्यायाधीशों को 30 दिन के भीतर बहाल करने के लिए भी कहा गया है । श्री मुशर्रफ ने गत् नवंबर में छह हफ्ते के आपात्काल के दौरान इन न्यायाधीशों को बर्खास्त कर दिया था ।

 

बर्खास्त न्यायाधीशों में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और राष्ट्रपति के विरोधी इफ्तिखार चौधरी भी शामिल थे । श्री चौधरी की बर्खास्तगी के बाद, पुनः गठित किये गए सर्वोच्च न्यायालय ने पूर्व सेनाध्यक्ष के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने को मंजूरी दे दी थी । कुछ सांसदों ने संसद के सत्र के दौरान श्री मुशर्रफ को उनके पद से हटाने की कोशिश करने के लिए कदम उठाने का संकल्प जताया है । एक दिन के अवकाश के बाद संसद का पुनर्गठन बुधवार को होगा ।

 

सोमवार को सांसदों को राजधानी के एक क्षेत्र में, जिसे सील कर दिया गया था, शपथ दिलाई गई ।

 

इस्लामाबाद में शनिवार रात को एक इतालवी रेस्तरां में, जहां राजनयिक और अन्य विदेशी अक्सर जाते हैं, बम-विस्फोट होने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई थी । उस हमले में एक तुर्की महिला की मौत हो गई थी और कई अन्य अतिथि घायल हो गए थे, जिनमें अमेरिकी, ब्रिटिश, कनाडाई, चीनी और जापानी शामिल थे । अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो, एफबीआई ने पुष्टि की है कि घायलों में उसके चार एजेंट भी थे ।

 

पाकिस्तान में आतंकवादी हमले बढ़ते जा रहे हैं और पिछले कुछ महीनों में सैकड़ों पाकिस्तानी मारे गए हैं । सरकार ने इन हमलों के लिए उन चरमपंथियों को दोषी ठहराया है, जो आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका-नीत युद्ध में पाकिस्तान की भागीदारी के खिलाफ हैं । 27 दिसंबर को रावलपिंडी में एक चुनावी रैली के बाद प्रधानमंत्री पद की सबसे मजबूत उम्मीदवार बेनज़ीर भुट्टो की हत्या एक आत्मघाती बमधारक ने कर दी थी । 18 फरवरी को हुए चुनावों में उनकी पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिलीं, लेकिन वे अकेले सरकार बनाने के लिए काफी नहीं हैं ।

 

 

emailme.gif यह आलेख ई मेल करें
printerfriendly.gif प्रिंट करने के पहले यहां देखें

  सबसे महत्वपूर्ण

  अन्य रिपोर्टें
प्रमुख भारतीय वामपंथी दल ने लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को पार्टी से निकाला
विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने आदेश की अवज्ञा के लिए आठ सांसदों को निष्कासित किया
सीनेटर ओबामा कड़ी सुरक्षा में फिलिस्तीनी नेताओं से मिले
सीनेटर मैककेन ने ओबामा के साथ इराक पर अपने मतभेदों को प्रकट किया
यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने ईरान के साथ राजनयिक वार्ता जारी रखने की मांग की
भारत में सत्तारूढ़ गठबंधन ने 19 वोटों से विश्वास मत हासिल किया
दोहा विकास वार्ता के लिए व्यापार मंत्रियों की बैठक
सीनेटर ओबामा शाह अब्दुल्ला से वार्ता करने जोर्डन पहुंचे
बस में बम-विस्फोटों का ओलंपिक से संबंध नहीं- चीन
ओलंपिक में भाग लेने वाले अमेरिकी खिलाड़ियों को व्हाइट हाउस ने विदा किया
भारत-पाक शांति प्रक्रिया तनावपूर्ण- भारत
आइये मिल कर सोचें: