(वी.ओ.ए न्यूज़)
तिब्बती धार्मिक नेता दलाई लामा आज एक ध्यान कार्यशाला में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे, जहां विश्व भर से उनके अनुयायी इसमें शामिल होने के लिए आए हैं । उधर आज नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास में कड़ी सुरक्षा के बावजूद तिब्बती युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया । उन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी और करीब 30 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया ।
दलाई लामा नई दिल्ली के अशोक होटल में आयोजित ध्यान कार्यशाला में भाग लेने के लिए 10 दिन के लिए आए हैं । हॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता रिचर्ड गेयर और अभिनेत्री उमा थुर्मान के भी इस कार्यक्रम में भाग लेने की आशा है । इस अवसर पर एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है, जिसका उद्घाटन कल होगा । इसमें तिब्बत की पारंपरिक हस्तकलाओं और पोशाकों को प्रदर्शित किया जाएगा ।
होटल में दलाई लामा का स्वागत करीब 150 लोगों ने किया, जिनमें से ज्यादातर उनके अनुयायी हैं और वे जो टी-शर्टें पहने हुए थे, उन पर लिखा था- "प्रे फॉर तिब्बत" । कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि तीन महीने पहले यह कार्यक्रम बनाया गया था और इसका चीन सरकार के खिलाफ तिब्बतियों द्वारा किये जा रहे प्रदर्शनों से कोई संबंध नहीं है । परंतु उन्होंने दलाई लामा के भारतीय नेताओं से मुलाकात करने की संभावना खारिज नहीं की ।
उधर आज बीसियों तिब्बती ल्हासा में चीन द्वारा आजादी के समर्थन में हो रहे प्रदर्शनों को कुचलने के विरोध में चीनी दूतावास में घुस गए । चाणक्यपुरी के अत्यंत सुरक्षित राजनयिक क्षेत्र में स्थित दूतावास की दीवारों पर चढ़कर प्रदर्शनकारियों ने तिब्बती झंडे लहराए और चीन सरकार के खिलाफ नारे लगाए ।
बाद में पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और स्थिति पर नियंत्रण कर लिया । यह प्रदर्शन तिब्बतियों के धर्म गुरू दलाई लामा के नई दिल्ली पहुंचने से कुछ घंटे पहले हुआ ।