(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| India's Prime Minister Manmohan Singh |
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को नए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रज़ा गिलानी को फोन पर मुबारकबाद दी और आशा जताई कि भारत और पाकिस्तान के बीच सर्वोत्तम संबंध स्थापित होंगे ।
श्री मनमोहन सिंह ने श्री गिलानी द्वारा शपथ ग्रहण किये जाने के कुछ घंटे बाद उनसे बातचीत की । उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि वह पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो और श्री नवाज़ शरीफ द्वारा तथा राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ द्वारा भी की गई पहल को आगे बढ़ाते हुए द्विपक्षीय संबंधों में सुधार करने का प्रयास करेंगे ।
नए पाकिस्तानी नेता को भेजे एक पत्र में श्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के साथ मित्रता और सहयोग बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की । उन्होंने कहा कि हम एक स्थिर, समृद्ध और लोकतांत्रिक पाकिस्तान को भारत और इस क्षेत्र के हित में मानते हैं ।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों के लिए सहयोगी ढांचा स्थापित करने के लिए दोनों देशों की जनता की मजबूत भावनाओं का भी उल्लेख किया । उन्होंने कहा कि दोनों देशों की जनता में विश्वास और परस्पर समझ के आधार पर शांति और प्रगति का क्षेत्र स्थापित करने की साझा इच्छा है ।
श्री सिंह ने पाकिस्तान की नई सरकार के नेता से कहा कि आपकी सरकार में शामिल गठबंधन की जो प्रमुख हस्तियां हैं, वे दोनों देशों के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों की मजबूत पक्षधर रही हैं और उन्होंने शांति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है । उन्होंने आशा जताई कि दोनों देश पहले से ही हासिल की गई प्रगति को आगे बढ़ाएंगे और संवाद प्रक्रिया के जरिये विचाराधीन मुद्दों के एक-दूसरे की सहमति से समाधान निकालने के लिए तेजी से काम करेंगे ।