(वी.ओ.ए न्यूज़)
दक्षिणी अफगानिस्तान में किसानों के एक बाजार के पास कार बम-विस्फोट में 8 लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए ।
प्रांत के पुलिस अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन अंदीवाल ने पत्रकारों को बताया कि इस इलाके में कोई सुरक्षा बल नहीं थे और नागरिकों को निशाना बनाया गया था । उन्होंने बताया कि बम-विस्फोट हेलमंड प्रांत के गेरेश्क जिले में हुआ ।
पुलिस अध्यक्ष ने विस्फोट के लिए तालिबान को दोषी ठहराया और फ्रांसीसी समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि तालिबान ने एजेंसी को फोन करके इस हमले की जिम्मेदारी ली है ।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को तालिबान विद्रोहियों ने हेरात प्रांत में पुलिस के गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें 4 पुलिसकर्मी और 2 नागरिक मारे गए ।
सोमवार को ही अफगान रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दक्षिण ज़ाबुल प्रांत में सैनिकों ने तालिबान के कई उग्रवादियों को मार दिया ।
तालिबान फिर से सक्रिय हो गया है और उसने अफगानिस्तान में अफगान, नाटो और अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ अपना हिंसक अभियान तेज करने का संकल्प जताया है ।