|
प्रतिनिधि चुनते हैं राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार |
|
08/02/2008
|
|
वास्तव में मतदाता राजनीतिक उम्मीदवार नहीं, बल्कि सभा के प्रतिनिधि चुनते हैं
अमेरिका के बहुत से राज्यों में प्राइमरी और कॉकस चुनाव हो चुके हैं और राष्ट्रपति पद की दौड़, इस वर्ष के अंत में होने वाली हर पार्टी की नामांकन सभा के प्रतिनिधियों पर केंद्रित हो गई है । वी.ओ.ए के जेफरी यंग इस जटिल प्रक्रिया के बारे में बता रहे हैं, जिससे नवंबर में उम्मीदवार चुना जाएगा ।
व्हाइट हाउस का रास्ता राज्यों और उनके प्राइमरी तथा कॉकस मुकाबलों से होकर जाता है । परंतु ओवल ऑफिस में पहुंचने के लिए उम्मीदवारों को पहले अपनी पार्टी का राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन जीतना पड़ता है और यह फैसला पार्टी के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाता है ।
प्राइमरी चुनावों के मतपत्रों पर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के नाम होते हैं, लेकिन जब मतदाता चुनाव करते हैं तो वे दरअसल उस प्रत्याशी से जुड़े सभा के प्रतिनिधियों के लिए मतदान करते हैं । व्हाइट हाउस के लिए जिस उम्मीदवार को सभा के सबसे ज्यादा प्रतिनिधियों का समर्थन मिलता है, उसे नामांकित किया जाता है ।
जब डेमोक्रेटिक राष्ट्रीय सभा, डेनवर, कोलोराडो में 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी तो कुल 4,049 प्रतिनिधियों के आने की उम्मीद है । नवंबर के चुनावों के लिए पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को नामांकित करने के लिए इसके आधे से एक अधिक यानी 2025 प्रतिनिधियों का समर्थन जरूरी होगा ।
रिपब्लिकन पार्टी के सेंट पॉल, मिनिसोटा में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में 2,381 प्रतिनिधियों के आने की संभावना है । रिपब्लिकन पार्टी का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए 1,191 प्रतिनिधियों के वोट जरूरी होंगे ।
दोनों प्रमुख पार्टियों के लिए हर राज्य का प्रतिनिधि दल कई अंगों से बना होता है । कैलीफोर्निया की डेमोक्रेटिक पार्टी के दल के बारे में डेमोक्रेटिक राष्ट्रीय समिति के अधिकारी स्टेसी पैक्सटन ने बताया-
"उदाहरण के लिए, कैलीफोर्निया में 441 प्रतिनिधि दांव पर हैं और इनमें से 370 प्रतिबद्ध प्रतिनिधि हैं, इसलिए वे एक या दूसरे उम्मीदवार से प्रतिबद्ध हैं । अन्य 71 प्रतिनिधि डेमोक्रेटिक राष्ट्रीय समिति के सदस्य हैं, (71 के इस गुट के अन्य सदस्य) कांग्रेस के सदस्य हैं । और हालांकि वे किसी एक उम्मीदवार के लिए प्रतिबद्ध नहीं हैं, (प्राइमरी और कॉकस प्रक्रिया की वजह से), वे भी सम्मेलन में मतदान करते हैं ।"
कैलीफोर्निया के रिपब्लिकन अपनी सभा में 173 प्रतिनिधि भेजेंगे । इनमें से 159 प्रतिबद्ध प्रतिनिधि हैं, जबकि अन्य 14 कैलीफोर्निया पार्टी के और चुने हुए अधिकारी हैं । ये 14 अतिरिक्त प्रतिनिधि मतदाताओं के माध्यम से किसी विशेष उम्मीदवार से प्रतिबद्ध नहीं होते ।
दोनों पार्टियां अलग-अलग तरीकों से प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति पद के अपने उम्मीदवारों से संबद्ध करती हैं । डेमोक्रेट एक अनुपातिक प्रणाली से काम करते हैं- अगर उम्मीदवार एक निश्चित स्तर तक पहुंच जाते हैं तो उन्हें राज्य में मिले वोटों के अनुसार उतने प्रतिशत प्रतिनिधि मिल जाते हैं । परंतु रिपब्लिकन्स के भी कुछ राज्य हैं, जो अनुपात के हिसाब से प्रतिनिधियों को प्रतिबद्ध करते हैं और कुछ अन्य राज्यों में विजेता को सारे प्रतिनिधि मिल जाते हैं ।
सभा में उम्मीदवारों के नामों पर मतदान कराया जाता है ।
अध्यक्ष, मेन प्रतिनिधि दल, 1964 जीओपी कन्वेंशन
"अध्यक्ष महोदय, मेन राज्य सीनेटर मार्ग्रेट चेज स्मिथ के लिए 14 वोट डालता है ।"
डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन, दोनों ही पार्टियों के लिए प्रतिबद्ध प्रतिनिधि पहले मतदान में अपने उम्मीदवारों से जुड़े होते हैं । अगर किसी भी उम्मीदवार को नामांकन जीतने के लिए जरूरी 50 प्रतिशत तथा एक और प्रतिनिधि का समर्थन नहीं मिलता तो सभा में मतदान कई दौर कराए जाते हैं । अंततः प्रतिनिधि उन उम्मीदवारों के लिए भी वोट दे सकते हैं, जिनसे वे मतदाताओं के जरिये प्रतिबद्ध नहीं हैं । परंतु किसी भी बड़ी पार्टी में कई दशकों से मतदान के पहले दौर के बाद मतदान की नौबत नहीं आई है ।
सारा ध्यान उम्मीदवारों पर लगा हुआ है । परंतु उन्हें नवंबर के मतपत्र में रखने का वास्तविक काम अन्यों के हाथ में है । अमेरिका में चुनाव कैसे होते हैं, इसका यह एक मत्वपूर्ण हिस्सा है ।
यह आलेख ई मेल करें प्रिंट करने के पहले यहां देखें |