(वी.ओ.ए न्यूज़)
भारतीय विदेश सचिव शिवशंकर मेनन कल मंगलवार को बीजिंग में चीन के सहायक विदेश मंत्री ही याफेई से मिलेंगे और दोनों पक्ष कई द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे ।
तिब्बत में मार्च के मध्य में हुए चीन-विरोधी प्रदर्शनों के बाद श्री मेनन वरिष्ठतम भारतीय राजनयिक हैं, जो चीन की यात्रा पर आए हैं । अधिकृत सूत्रों ने बताया कि वह भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी की बीजिंग की प्रस्तावित यात्रा की तिथियां भी तय करेंगे ।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जनवरी में चीन की यात्रा पर आए थे, जिसके दौरान कई योजनाएं बनाई गई थीं । श्री मेनन और चीनी सहायक विदेश मंत्री के बीच इन योजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है । सूत्रों के अनुसार, श्री मेनन उप विदेश मंत्री वांग यी से भी मिल सकते हैं ।
श्री मेनन की यात्रा भारत में बीजिंग ओलंपिक मशाल रिले सफलता-पूर्वक और किसी बाधा के बगैर सम्पन्न होने के बाद हो रही है । लंदन, पेरिस और सान फ्रांसिस्को में रिले के दौरान तिब्बतियों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं द्वारा डाली गई बाधा के बाद चीन ने रिले के भारतीय चरण पर चिंता जताई थी । चीनी विदेश मंत्रालय ने मशाल रिले दौड़ सफलतापूर्वक पूरी करने के लिए भारत सरकार द्वारा किये गए प्रयासों की सराहना की है ।
श्री मेनन कल बीजिंग पहुंचे थे, जहां उन्होंने विकसित और औद्योगिक देशों के संगठन, जी-8 के सहयोगी देशों की बैठक में भाग लिया था । यह बैठक जुलाई में जापान में होने वाले संगठन के वार्षिक सम्मेलन के दौरान इन देशों के रवैये पर चर्चा करने के लिए हुई थी ।