आज यानी 25 अप्रैल को वॉइस ऑफ अमेरिका की कुर्द सेवा की स्थापना की 16वीं वर्षगांठ है । वी.ओ.ए हर दिन इराक, ईरान, तुर्की, सीरिया और मध्य-पूर्व व कॉकसस के अन्य भागों में रहने वाले कुर्द भाषियों के लिए प्रसारण कर रहा है । यह प्रसारण कुर्द भाषा के दो प्रमुख रूपों- कुर्मान्जी और सूरानी में होता है ।
वी.ओ.ए उन घटनाओं पर खबरों और सूचनाओं का प्रसारण करता है, जो हर जगह के कुर्द लोगों को प्रभावित करती हैं । इस सेवा के तहत हर सप्ताह हेलो वॉशिंगटन नामक कॉल-इन कार्यक्रम पेश किया जाता है । इस कार्यक्रम में टेलीफोन करने वाले श्रोता विशेषज्ञों से पर्यावरण संरक्षण से लेकर कुर्दों के सांस्कृतिक अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व पर सवाल पूछ सकते हैं । इस कार्यक्रम के लिए मध्य-पूर्व और दुनिया के अन्य हिस्सों से अनेकों फोन आते हैं । इस सेवा की दो वेबसाइट- www.voanews.com/kurdish और www.voanews.com/kurdi पर कुछ अन्य कार्यक्रम भी पेश किये जाते हैं ।
इराक की कुर्द आबादी अब कुर्द भाषा में लिखने और प्रसारण के लिए स्वतंत्र है । यह स्थिति सीरिया में नहीं है । यहां कुर्द भाषा में प्रसारण की अनुमति नहीं है और कुर्द भाषा में लिखी सामग्रियों के प्रयोग पर बंदिशें हैं । अपनी ताजा मानवाधिकार रिपोर्ट में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वर्ष 2007 में तुर्की में जो कुर्द सार्वजनिक रूप से या राजनीतिक रूप से अपनी कुर्द पहचान पर जोर देते थे या सार्वजनिक रूप से कुर्द भाषा के प्रयोग की वकालत करते थे, उन्हें प्रतिबंध, दमन और दंड का भागीदार बनना पड़ता था । ईरान में सरकार कुर्द भाषा की सामग्रियों और प्रसारणों पर बंदिश लगाने की कोशिश करती है ।
उत्तरी इराक के किरकुक में लंबे समय से इस सेवा के एक श्रोता का कहना है कि वे अब हर दिन चार घंटे स्थानीय एफएम बैंड पर वी.ओ.ए के कुर्द प्रसारण सुन पा रहे हैं और सेवा के सभी उत्कृष्ट कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं । उनका कहना है कि उनके लिए निष्पक्ष और सटीक खबरों का एकमात्र जरिया वी.ओ.ए है और वी.ओ.ए की कुर्द सेवा की सबसे अच्छी बात यह है कि यह कुर्द भाषा के दो रूपों कुर्मान्जी और सूरानी का मिला-जुला रूप है । इससे श्रोताओं को कुर्द के दोनों रूपों को सीखने का मौका मिल रहा है ।
वर्ष 1942 में दूसरे विश्व युद्ध के स्याह दिनों में वॉइस ऑफ अमेरिका ने अपने पहले प्रसारण में कहा था- खबरें अच्छी या बुरी हो सकती हैं, लेकिन हम आपको सच बताएंगे । 16 साल से वी.ओ.ए की कुर्द सेवा इराक और क्षेत्र के अन्य देशों के कुर्द भाषा-भाषी श्रोताओं से किये गए उस वायदे को पूरा कर रही है ।