| राइस की मध्य-पूर्व यात्रा का नया दौर शुरू |
03/05/2008
|
|
 |
| US Secretary of State Condoleezza Rice listens meeting of Middle East peace Process. |
अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस इस वर्ष के अंत तक इस्राइल और फिलिस्तीन के बीच शांति समझौता कराने के उद्देश्य से वार्ता के नए दौर के लिए इस्राइल और फिलिस्तीनी क्षेत्रों की यात्रा कर रही हैं ।
सुश्री राइस इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति बुश की इस क्षेत्र की यात्रा के लिए बुनियादी तैयारी करेंगी ।
विदेश मंत्री की दो दिन की लंदन यात्रा भी मध्य-पूर्व पर केंद्रित थी और सुश्री राइस प्रमुख इस्राइली और फिलिस्तीनी अधिकारियों से निजी रूप से मिली थीं तथा शांति प्रक्रिया के वित्तीय समर्थकों और अंतर्राष्ट्रीय चौकड़ी के साथ बैठक की थी ।
इस चौकड़ी ने, जिसमें अमेरिका, रूस, यूरोपीय संघ और राष्ट्र संघ शामिल हैं, 2008 के अंत तक शांति समझौते के लिए अंतर्राष्ट्रीय समर्थन की फिर से पुष्टि की, जिसका लक्ष्य गत् नवंबर में अन्नापोलिस में हुई बैठक में तय किया गया था ।
परंतु संगठन ने पश्चिमी तट में इस्राइल द्वारा बस्तियों का निर्माण जारी रखने और दक्षिणी इस्राइल में हमास-शासित गज़्ज़ा से होने वाले रॉकेट हमलों पर गहरी चिंता जताई ।
सुश्री राइस ने कहा कि कठिनाइयों के बावजूद उनका मानना है कि 2008 का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, हालांकि इसके बारे में की जा रही शंकाओं को भी समझा जा सकता है ।
फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री सलाम फैयद इतने आशावादी नहीं थे और उन्होंने इस्राइली अवरोधों के कारण फिलिस्तीनी क्षेत्रों की आर्थिक समस्याओं तथा पिछले साल अंतर्राष्ट्रीय दानदाताओं, जिनमें खाड़ी के तेल-सम्पन्न देश शामिल हैं, द्वारा किये गए वायदों के अनुसार पैसा न मिलने का जिक्र किया ।
सुश्री राइस दो वर्षों में 15वीं बार इस्राइल और फिलिस्तीनी क्षेत्रों की यात्रा कर रही हैं ।
वह इस्राइली प्रधानमंत्री एहुद ओलमर्ट से मिलेंगी । वह पश्चिमी तट के रामल्लाह शहर में फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास से वार्ता करेंगी और दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ त्रिपक्षीय बैठकें करेंगी ।
सुश्री राइस राष्ट्रपति बुश की यात्रा के लिए बुनियादी तैयारी करेंगी, जो 13 से 18 मई तक इस्राइल, सऊदी अरब और मिस्र की यात्रा करेंगे तथा इस दौरान शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे ।
इस हफ्ते के शुरू में राष्ट्रपति बुश ने स्वीकार किया था कि शांति हासिल करना बहुत मुश्किल काम है, फिर भी उन्हें आशा है कि उनके कार्यकाल के जनवरी, 2009 में समाप्त होने तक शांति समझौता हो सकता है ।
राष्ट्रपति बुश इस्राइल की आजादी की 60वीं वर्षगांठ के समारोह में भाग लेंगे, लेकिन फिलहाल उनकी इस्राइली और फिलिस्तीनी नेताओं के साथ संयुक्त शांति सम्मेन करने की योजना नहीं है ।
यह आलेख ई मेल करें
प्रिंट करने के पहले यहां देखें