 |
| US Secretary of State Condoleezza Rice listens meeting of Middle East peace talks. |
अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस पश्चिमी तट के रामल्लाह शहर में फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मिलीं ।
सुश्री राइस इस साल के अंत तक इस्राइली-फिलिस्तीनी शांति समझौते को सुनिश्चित करने की कोशिशों को आगे बढ़ाने के लिए इस क्षेत्र के दौरे पर हैं । उन्होंने कहा है कि वे इस्राइल से पश्चिमी तट में स्थित बाधाओं और चेक-नाकों को हटाने में तेजी लाने की अपील करेंगी । वे इस्राइली और फिलिस्तीनी नेताओं से अलग-अलग बात कर रही हैं ।
सुश्री राइस ने पत्रकारों से कहा कि इस्राइल को पश्चिमी तट के लोगों के जीवन में सुधार के लिए प्रतीकात्मक बाधाओं की जगह सड़क की महत्वपूर्ण बाधाओं को हटाना होगा । इन बाधाओं की वजह से फिलिस्तीनियों की आवाजाही बाधित हो रही है ।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष ने गत् महीने आगाह किया है कि अगर इस्राइल ने पश्चिमी तट में लोगों की आवाजाही की बंदिशों में ढील नहीं दी तो फिलिस्तीनी अर्थव्यवस्था सिकुड़ जाएगी ।
अब्बास से बातचीत के अलावा सुश्री राइस इस्राइली रक्षा मंत्री एहुद बराक और फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री सलाम फैयद व इस्राइली विदेश मंत्री ज़िपी लिवनी से भी
मिलीं ।
येरुशलम में सुश्री राइस ने प्रधानमंत्री श्री ओलमर्ट के साथ रात का भोजन किया ।
श्री ओलमर्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार की नई जांच के बावजूद वे मध्य-पूर्व शांति की दिशा में आगे बढ़ने के साथ-साथ अन्य काम भी करते रहेंगे ।
पुलिस ने इस्राइली प्रधानमंत्री से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने उसका ब्यौरा देने से इन्कार कर दिया ।
दो साल पहले सरकार की कमान संभालने के बाद पांचवीं बार श्री ओलमर्ट के खिलाफ जांच हो चुकी है ।