(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| Manmohan Singh at Fortune Global Forum |
परमाणु मुद्दे पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन और वामपंथी दलों की संयुक्त समिति की परमाणु मुद्दे पर होने वाली बैठक की पूर्व संध्या को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज कहा कि सरकार सहयोगी दलों के साथ किसी भी मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है । प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति भवन में हुए एक समारोह के बाद पत्रकारों को बताया कि हमारे सहयोगी जो भी मुद्दा उठाएंगे, हम उस पर चर्चा करेंगे ।
संप्रग-वाम समिति का गठन भारत-अमेरिकी परमाणु समझौते पर मतभेदों को हल करने के लिए किया गया है । कल उसकी आठवीं बैठक होगी, जिसमें यह चर्चा की जाएगी कि सरकार को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सुरक्षा उपायों के समझौते पर हस्ताक्षर करने चाहिए या नहीं । इससे संबंधित बातचीत पूरी हो चुकी है ।
भारत-अमेरिकी परमाणु समझौते को लागू करने के लिए आईएईए के साथ सुरक्षा उपायों के समझौते पर हस्ताक्षर करना जरूरी है, लेकिन वामपंथी दल भारत-अमेरिकी परमाणु समझौते का विरोध कर रहे हैं । गौरतलब है कि ये दल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं और उनके समर्थन वापस लेने पर सरकार गिर सकती है ।