वायस औफ़ अमेरिका  ▪ Hindi
हमें सुने, सब कुछ जानें

केवल आलेख
खोजने के लिए यहां क्लिक करें

 
चीन दलाई लामा के दूतों के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए तैयार

05/05/2008

(संवाददाता, वी.ओ.ए न्यूज़)

胡锦涛会晤连战
चीन सरकार शेनझेन शहर में दलाई लामा के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों के बाद वार्ता के दूसरे दौर के लिए सहमत हो गई है । बातचीत के बावजूद चीन लगातार तिब्बती धार्मिक नेता की आलोचना कर रहा है ।

 

चीन में सरकारी समाचार मीडिया ने कहा है कि बीजिंग और तिब्बत के धार्मिक नेता के प्रतिनिधियों के बीच फिर से वार्ता होगी, लेकिन यह नहीं बताया है कि वार्ता कहां या कब होगी । रविवार को दक्षिणी चीनी शहर शेनझेन में दोनों पक्षों की बैठक हुई थी ।

 

बैठक से पहले, उसके दौरान और बाद में सरकारी मीडिया ने लगातार ऐसी खबरें दीं, जिनमें दलाई लामा पर तिब्बत को चीन से अलग करने और हिंसक दंगे भड़काने का आरोप लगाया गया था ।

 

सोमवार को सरकारी टेलीविजन ने बीजिंग द्वारा नियुक्त पंचेन लामा, ग्याल्तसेन नोर्बू को तिब्बत के इतिहास पर सरकारी प्रदर्शनी में भाग लेते और कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं की प्रशंसा करते हुए दिखाया । उन्होंने कहा कि वह ओलंपिक खेलों के सफल होने की प्रार्थना करते हैं । उन्होंने कहा कि महान चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में तिब्बत निश्चय ही ज्यादा समृद्ध होगा और तिब्बती लोगों का जीवन बेहतर और खुशहाल होगा ।

 

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने ग्याल्तसेन नोर्बू को तिब्बत का दूसरा सबसे बड़ा बौद्ध नेता नियुक्त किया था, लेकिन बहुत से तिब्बती उनकी सत्ता को स्वीकार नहीं करते और वह सार्वजनिक रूप से बहुत कम नजर आते हैं ।

 

दलाई लामा ने 1995 में गेंदुन चोकयी नाइमा नाम के एक छह-वर्षीय लड़के को पंचेन लामा चुना था, लेकिन चीनी अधिकारियों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और उसके बाद से वह कभी दिखाई नहीं दिया है ।

 

मानवाधिकार संगठनों ने उसे विश्व का सबसे छोटा राजनीतिक कैदी बताया है । चीनी अधिकारियों का कहना है कि वह सामान्य जीवन बिता रहा है और नहीं चाहता कि उसे परेशान किया जाए ।

 

तिब्बत सदियों तक चीन के प्रभाव में रहा है, लेकिन 1950 के दशक में चीनी सैनिकों द्वारा हमला किये जाने से पूर्व वह अधिकतर स्वतंत्र रहा था । दलाई लामा 1959 में चीनी शासन के खिलाफ आंदोलन असफल होने के बाद तिब्बत से भाग आए थे ।

 

चीन का कहना है कि तिब्बत ऐतिहासिक रूप से उसका हिस्सा है और दलाई लामा, जो भारत में निर्वासित सरकार चलाते हैं, देश को तोड़ना चाहते हैं । दलाई लामा का कहना है कि वह तिब्बत के लिए आजादी नहीं, बल्कि अधिक स्वायत्तता चाहते हैं ।

 

दलाई लामा के दूत और चीनी अधिकारी वर्ष 2000 से छह बार वार्ता कर चुके हैं, लेकिन उनके संबंधों में कोई सुधार नहीं हुआ है ।
达赖喇嘛5月3日于达兰萨拉

 

हाल ही में हुए आंदोलन के बाद पश्चिमी नेताओं ने चीन पर वार्ता करने का दबाव डाला था, जिसके बाद चीन वार्ता का यह नवीनतम दौर आयोजित करने के लिए मान गया था ।

 

बीजिंग का कहना है कि दलाई लामा ने मार्च में सरकार-विरोधी प्रदर्शन कराए थे, जो हिंसक हो गए थे और कम-से-कम 23 लोग मारे गए थे । नोबेल शांति पुरस्कार विजेता इस आरोप से इन्कार करते हैं और निर्वासित गुटों का कहना है कि हिंसा में बहुत से तिब्बती मारे गए थे, लेकिन इनमें से किसी भी संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती ।

 

चीन की हिंसक प्रतिक्रिया के कारण ओलंपिक मशाल की वैश्विक रिले के दौरान अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन हुए थे और बीजिंग ओलंपिक खेलों का बहिष्कार करने की मांग भी की गई है ।

emailme.gif यह आलेख ई मेल करें
printerfriendly.gif प्रिंट करने के पहले यहां देखें

  सबसे महत्वपूर्ण

  अन्य रिपोर्टें
चीन ने कहा, मृतकों की संख्या 50,000 को पार कर सकती है
रेड क्रॉस ने बर्मा के तूफान पीड़ितों की तकलीफें बढ़ने की चेतावनी दी
अमेरिका, इस्राइल ईरान की परमाणु आकांक्षाओं के खिलाफ संगठित- बुश
जयपुर में हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों की जांच में अमरीकी सहायता की पेशकश
जयपुर में विस्फोट, भारत में आतंकवादी हमलों का खतरा बने रहने का संकेत
पाकिस्तानी फौजों ने जम्मू-कश्मीर में भारतीय चौकी पर फिर गोलीबारी की
प्रणब मुखर्जी त्रिपक्षीय, चारपक्षीय बैठकों में भाग लेने रूस पहुंचे
बर्मा के तूफान पीड़ितों को मिल रही सहायता अपर्याप्त- राष्ट्र संघ
प्रतिनिधि चुनते हैं राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार