(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| Hillary Rodham Clinton speaks to Indiana supporters as her husband, former President Bill Clinton applauds, 6 May 2008 |
अमेरिकी सीनेटर हिलेरी क्लिंटन ने मंगलवार को इंडियाना में राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार के फैसले के लिए आयोजित प्राइमरी में जीत का ऐलान कर दिया है । हालांकि मीडिया के कई तबकों का कहना है कि यहां अभी भी कांटे की टक्कर है ।
क्लिंटन ने मंगलवार की शाम इंडियानापोलिस में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की उम्मीदवार बनने की जद्दोजहद में वह पूरी गति से आगे बढ़ रही हैं । उन्होंने लोगों से उनके चुनाव अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की । न्यूयॉर्क की सीनेटर एवं पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी सुश्री क्लिंटन ने डेमोक्रेटिक पार्टी के अपने प्रतिद्वंद्वी इलिनॉय के सीनेटर बराक ओबामा को मंगलवार को नॉर्थ कैरोलिना में बड़ी जीत के लिए बधाई दी । उन्होंने यह वायदा भी किया कि डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार बनने में अंततः चाहे जिस किसी की जीत होगी, वह पार्टी का समर्थन करेंगी । उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन पार्टी को बने रहने देना बहुत महंगा पड़ेगा ।
 |
| Democratic presidential hopeful Barack Obama speaks to supporters in North Carolina, 6 May 2008 |
ओबामा ने भी मंगलवार को नॉर्थ कैरोलिना के रैले में अपने विजय की खुशी में दिये भाषण में डेमोक्रेटिक पार्टी में एकता की अपील की । उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के तय माने जाने वाले उम्मीदवार, सीनेटर जॉन मैककेन से अपनी तुलना करते हुए इस बात को रेखांकित किया कि इराक में युद्ध, अर्थव्यवस्था और ऊर्जा नीति जैसे मुद्दों पर राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश एवं मैककेन की सोच लगभग एक जैसी है ।
मीडिया की खबरों में कहा गया है कि उत्तर-पश्चिमी राज्य इंडियाना में एक प्रमुख मतदान क्षेत्र के चुनाव नतीजों को बुधवार की सुबह के पहले घोषित नहीं किया जाएगा । कइयों का मानना है कि यह ओबामा का गढ़ है ।
नॉर्थ कैरोलिना और इंडियाना में कुल मिलाकर 187 डेलीगेट हैं, जिन पर उन दोनों की नजर है । इन डेलीगेटों का बंटवारा मतदान के नतीजों के आधार पर होगा । पार्टी का उम्मीदवार बनने के लिए डेलीगेटों की जरूरी संख्या के मामले में ओबामा को बढ़त हासिल है । लेकिन दोनों को उम्मीदवार बनने की यह दौड़ जीतने के लिए सुपर डेलीगेटों का समर्थन चाहिए ।
सुपर डेलीगेट पार्टी के वैसे नेता और निर्वाचित अधिकारी होते हैं, जो डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल लोगों में से किसी को भी समर्थन देने के लिए स्वतंत्र होते हैं ।