(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| Agni-111 missile |
भारत ने बुधवार को जमीन से जमीन पर 3,000 किमी की दूरी तक वार करने वाली परमाणु सक्षम अग्नि-III मिसाइल का दूसरी बार सफल परीक्षण किया । यह मिसाइल चीन के काफी भीतर तक के ठिकानों पर वार करने में सक्षम है ।
आज उड़ीसा के समुद्री तट के पास व्हीलर्स आईलैंड से सुबह 9.56 बजे ठोस ईंधन की मिसाइल छोड़ी गई और वह 800 सेकेंड में अपने पूर्व निर्धारित ठिकाने पर पहुंच गई ।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संस्थान के वैज्ञानिकों ने इस मिसाइल के पूरी अचूकता के साथ अपने निशाने पर पहुंचने के बाद पत्रकारों को बताया कि अब यह मिसाइल सेना में शामिल किये जाने के लिए तैयार है ।
इस दूसरे सफल परीक्षण के बाद भारत अब उन देशों के विशिष्ट गुट में शामिल हो गया है, जिनके पास मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें हैं, जिनकी क्षमता 3,000 किमी तक वार करने की है । इससे भारत को चीन के बीजिंग और शंघाई जैसे शहरों को निशाना बनाने की क्षमता हासिल हो गई है ।
अग्नि-III की सफलता से भारत के लिए निकट भविष्य में 5,000 किमी की दूरी तक वार करने वाली अंतरद्वीपीय श्रेणी की मिसाइल अग्नि-IV विकसित करने का रास्ता खुल गया है । इसके अतिरिक्त, पनडुब्बी से छोड़ी जा सकने वाली अग्नि-III मिसाइल का एक छोटा संस्करण, अग्नि-IIIएसएल भी विकसित किया जा रहा है और जल्दी ही इसका परीक्षण किया जा सकता है ।