(संवाददाता, वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| Senator Barack Obama speaks after winning North Carolina Democratic presidential primary, 6 May 2008 |
मंगलवार को नॉर्थ कैरोलाइना के प्राइमरी चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के अग्रणी उम्मीदवार सीनेटर बराक ओबामा ने निर्णायक जीत हासिल की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सीनेटर हिलेरी क्लिंटन को इंडियाना में बहुत कम, केवल 2 प्रतिशत अंकों से विजय हासिल हुई । श्रीमती क्लिंटन ने अगले प्राइमरी चुनाव लड़ने का संकल्प जताया है ।
सीनेटर बराक ओबामा की नॉर्थ कैरोलाइना में 14 प्रतिशत अंकों से मजबूत और नाटकीय जीत हुई है, जबकि अपने प्रचार अभियान के दौरान उन्हें सबसे कठिन हफ्तों का अनुभव हुआ था । पिछले महीने वह पेन्सिलवानिया में हार गए थे और उनके विवादास्पद पूर्व पादरी की मीडिया ने जम कर आलोचना की थी । श्री ओबामा ने राले, नॉर्थ कैरोलाइना में अपने जीतने पर अपने समर्थकों को धन्यवाद दिया ।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि इन चुनावों में नॉर्थ कैरोलाइना खेल को बदल देगा, लेकिन आज नॉर्थ कैरोलाइना ने यह फैसला किया कि जिस खेल को बदलने की जरूरत है, वह केवल वॉशिंगटन डी.सी का है ।
इलिनॉय के 46-वर्षीय अफ्रीकी-अमेरिकी सीनेटर को अब डेमोक्रेटिक पार्टी का नामांकन हासिल करने के लिए केवल करीब 200 प्रतिनिधियों के समर्थन की जरूरत है । नॉर्थ कैरोलाइना में उनके मजबूत प्रदर्शन और इंडियाना में बहुत कम अंतर से पीछे रहने के कारण उन्हें प्रतिबद्ध डेलीगेट्स और लोकप्रिय मतों में ज्यादा बढ़त मिल गई है ।
इससे वह उन सुपरडेलीगेट्स, पार्टी अधिकारियों और चुने हुए पदाधिकारियों के सामने अपना पक्ष ज्यादा मजबूती से रख सकते हैं, जो अगस्त में पार्टी के नामांकन सम्मेलन में जिसे चाहे वोट देने के लिए स्वतंत्र हैं । ओबामा के प्रचार अभियान अधिकारियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि इस हफ्ते और अधिक सुपरडेलीगेट्स उन्हें समर्थन देने की घोषणा कर देंगे ।
 |
| Senator Hillary Clinton at rally in Indiana, 6 May 2008 |
देर मंगलवार को जब सीनेटर क्लिंटन इंडियानापोलिस में अपने समर्थकों को संबोधित कर रही थीं तब भी मुकाबला कांटे का था, परंतु उन्होंने अंत तक लड़ने का संकल्प जताया ।
श्रीमती क्लिंटन ने कहा कि बहुत समय नहीं हुआ है, जब मेरे विरोधी ने एक भविष्यवाणी की थी । उन्होंने कहा था कि मैं शायद पेन्सिलवानिया में जीतूंगी, वह नॉर्थ कैरोलाइना में जीतेंगे और इंडियाना में कड़ा मुकाबला होगा । आज रात हम सामने आ गए हैं । यह बाधा पार कर ली है और आपको धन्यवाद है कि अब पूरी गति से व्हाइट हाउस जाने की तैयारी है ।
पूर्व प्रथम महिला ने अपने समर्थकों से धन देने की अपील भी की, जो एक मुद्दा बन सकता है । अभी छह प्राइमरी चुनाव बाकी हैं, जो 3 जून को खत्म होंगे । परंतु उन्होंने अपना चुनाव अभियान बंद करने का कोई सार्वजनिक संकेत नहीं दिया है और वेस्ट वर्जीनिया गई हैं, जहां अगले हफ्ते अगला प्राइमरी चुनाव होगा । सीनेटर ओबामा अपने परिवार के पास गए हैं ।
मंगलवार को जीतने के बाद श्री ओबामा ने संकेत दिया था कि वह पार्टी को अपने पीछे संगठित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे ताकि वह नवंबर में होने वाले आम चुनावों में रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी, सीनेटर जॉन मैककेन का सामना कर सकें ।
श्री ओबामा और श्रीमती क्लिंटन, दोनों ने ही नवंबर में होने वाले चुनावों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार की जीत के लिए पार्टी को संगठित करने का संकल्प भी जताया है ।