 |
| A Chinese boy waits to be rescued from the rubbles of a collapsed building in Beichuan, southwest China's Sichuan province, 13 May 2008 |
चीन के सरकारी मीडिया ने कहा है कि सोमवार को चीन के दक्षिण-पश्चिम सिचुआन प्रांत के एक शहर में शक्तिशाली भूकंप के कारण 18,000 से ज्यादा लोग मलबे में दब गए हैं ।
सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने कहा है कि मियानयांग शहर में 3,629 लोगों के मरने की पुष्टि की जा चुकी है, जिससे 7.9 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों की संख्या 12,000 से अधिक हो गई है ।
मियांगयांग वेनचुआन काउंटी के पास है, जो सोमवार को आए भूकंप का केंद्र था ।
बचाव और राहत पहुंचाने के लिए चीनी सैनिकों की पहली टुकड़ी मंगलवार को वेनचुआन पहुंची, जहां की आबादी 1 लाख से अधिक है । वहां मृतकों की संख्या अभी तक पता नहीं चली है, लेकिन शिन्हुआ की एक प्रारंभिक खबर में कहा गया है कि बड़ी संख्या में लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं ।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि काउंटी में 70 प्रतिशत सड़कें और पुल टूट गए हैं और इस क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल है ।
भूकंप-प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में मदद देने के लिए और ध्वस्त हुई इमारतों तथा स्कूलों के मलबे में दबे हजारों लोगों को बाहर निकालने में सहायता करने के लिए 50,000 से ज्यादा सैनिक भेजे गए हैं ।
चीनी अधिकारियों का कहना है कि मियानझू शहर में कम-से-कम 2,000 लोग मर गए हैं और 4,800 दबे हुए हैं । शिन्हुआ के अनुसार, दुजियांगयान शहर में बचाव कार्यकर्ताओं ने एक स्कूल की ध्वस्त इमारत के नीचे से 60 शव बाहर निकाले, जहां 900 छात्रों के फंसे होने की संभावना है ।
भूस्खलनों के कारण बाइचुआन काउंटी जाने वाली सड़क बड़े पत्थरों से अवरुद्ध हो गई है और बचाव कार्यकर्ता इस क्षेत्र में नहीं जा सके हैं, जहां अधिकारियों का अनुमान है कि कम-से-कम 5,000 लोग मारे गए हैं ।
सिचुआन में दो रासायनिक संयंत्र भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे हजारों लोग नीचे दब गए हैं और कई हजार अन्य लोगों को बाहर निकालना पड़ा है ।
नागरिक मामलों के एक उच्चाधिकारी ने कहा है कि चीन पैसे और सामान की सहायता का स्वागत करता है, पर उसने कहा कि बीजिंग के लिए अंतर्राष्ट्रीय टीमों से मदद स्वीकार करने के लिए स्थितियां सही नहीं हैं ।
अधिकारी बांग झेनयाओ ने कहा कि ज्यादातर सड़कें बंद हैं और आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचना असंभव हो गया है ।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने भूकंप के बाद 1,000 से ज्यादा झटके दर्ज किये हैं, जिनमें से कुछ की तीव्रता 6 थी ।