वायस औफ़ अमेरिका  ▪ Hindi
हमें सुने, सब कुछ जानें

केवल आलेख
खोजने के लिए यहां क्लिक करें

जयपुर में विस्फोट, भारत में आतंकवादी हमलों का खतरा बने रहने का संकेत

14/05/2008

Jaipur Suspect
Jaipur Suspect
(संवाददाता, वी.ओ.ए न्यूज़)

जयपुर में आतंकवादी हमला पिछले कुछ वर्षों में भारतीय शहरों में हुए बम-विस्फोटों की कड़ी में नवीनतम है । मंगलवार की शाम को राजस्थान की राजधानी के भीड़ भरे इलाकों में हुए सिलसिलेवार विस्फोटों में कम-से-कम 80 लोग मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हो गए । घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि राजनेता अपने विरोधियों पर चरमपंथियों को माफ करने और ढीली सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिम्मेदार होने का दोषी ठहराने लगे हैं । गौरतलब है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो केंद्र में प्रमुख विपक्षी पार्टी है, जहां कांग्रेस-नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार है ।

 

आज जयपुर में हिंदू बहुसंख्यकों और मुस्लिम अल्पसंख्यकों के बीच टकराव रोकने के लिए दिन भर का कर्फ्यू लगाया गया । अधिकारियों ने पर्यटक स्थलों पर 8 बम रखने के लिए इस्लामी उग्रवादियों को दोषी ठहराया है । इनमें से एक बम फटा नहीं था ।

 

आज राजस्थान पुलिस ने एक 25-वर्षीय मध्यम कद के युवक का स्केच जारी किया, जिसे कल शाम हुए सिलसिलेवार विस्फोटों के लिए संदिग्ध माना जा रहा है ।

 

पुलिस महानिरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि यह स्केच एक साइकिल दुकान के मालिक के बयान के आधार पर तैयार किया गया है । संदिग्ध आतंकवादियों ने विस्फोट करने के लिए यहां से साइकिलें खरीदी थीं ।

 

राज्य के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि यह स्केच सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाया जाएगा । उन्होंने कहा कि बम रखने में कई लोग शामिल हो सकते हैं और इनकी संख्या 9 से कम या ज्यादा हो सकती है । उन्होंने यह भी बताया कि पुराने शहर की उन दो दुकानों का पता लगा लिया गया है, जहां से आतंकवादियों ने विस्फोट करने के लिए साइकिलें खरीदी थीं ।

 

विस्फोटों में घायल रिक्शा चालक विजय से भी पूछताछ की जा रही है, क्योंकि उसने पुलिस को बताया था कि एक महिला ने विस्फोट होने से करीब 45 मिनट पहले हवा महल के पास, जहां विस्फोट हुआ था, उससे एक नई साइकिल रिक्शा पर ले जाने के लिए कहा था । इस रिक्शा चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है

 

गृह मंत्री ने कहा कि अभी हम यह नहीं कह सकते कि विस्फोट में किस आतंकवादी गुट का हाथ है ।

 

हालांकि जयपुर में हुए आतंकवादी हमलों के जो सुराग अब तक मिले हैं, उनसे बांग्लादेश स्थित हरकत-उल-जिहादी इस्लामी (हूजी) नामक आतंकवादी संगठन के शामिल होने का संदेह है और केंद्र सरकार ने आज इन विस्फोटों में एक पड़ोसी देश का हाथ होने की संभावना खारिज नहीं की ।

 

राजस्थान पुलिस ने कहा है कि विस्फोटों में घायल हुए एक व्यक्ति समेत 8 लोगों और एक रिक्शा चालक से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है ।

 

पुलिस ने बताया कि हमला करने के लिए आरडीएक्स विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था और विस्फोटकों को साइकलों पर टाइमर के साथ लगाया गया था । पिछले साल उत्तर प्रदेश में अदालत के परिसरों में हुए विस्फोटों में भी यही तरीका अपनाया गया था और इसमें हूजी संगठन शामिल था ।

 

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने विस्फोट स्थलों का दौरा करने के बाद आज दिल्ली में कहा कि इन हमलों में किसी पड़ोसी देश द्वारा गहरी और सुनियोजित साजिश का संकेत मिल रहा है, लेकिन उन्होंने किसी देश का नाम लेने से इन्कार कर दिया ।

 

परंतु श्री जायसवाल ने कहा कि इन विस्फोटों का संबंध भी भारत में पहले हुए हमलों से है । उन्होंने कहा कि ये विस्फोट आरडीएक्स या अमोनियम नाइट्रेट जैसे शक्तिशाली विस्फोटकों की मदद से किये गए थे ।

 

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जयपुर में हुए सिलसिलेवार विस्फोटों में मारे गए लोगों के निकटतम संबंधियों को एक लाख रुपये का मुआवजा देने की मंजूरी दी । यह राशि प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय राहत कोष से दी जाएगी ।

 

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी सूचना में कहा गया है कि आतंकवादी हमले में गंभीर रूप से घायल लोगों को भी 50 हजार रुपए दिये जाएंगे ।

emailme.gif यह आलेख ई मेल करें
printerfriendly.gif प्रिंट करने के पहले यहां देखें

  सबसे महत्वपूर्ण

  अन्य रिपोर्टें
संप्रग सरकार को बचाने की कोशिशें तेज हुईं
मतसर्वेक्षणों के अनुसार भारतीय और पाकिस्तानी कश्मीर की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं ।
भारत को चावल, मकई, सोयाबीन की अच्छी फसल की आशा
छह-पक्षीय कोरियाई परमाणु वार्ता के लिए उच्च राजनयिकों की बैठक अगले सप्ताह
नेपाल में पुलिस ने एक सौ से अधिक तिब्बती प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
पोप बेनेडिक्ट ने धार्मिक समुदाय से हिंसा के खिलाफ संगठित होने का आग्रह किया
ईरानी विदेश मंत्री ने परमाणु वार्ता में अमेरिका की उपस्थिति का स्वागत किया
उच्च अमेरिकी अधिकारी को इराक में अमेरिकी सैनिकों की संख्या में अधिक कटौती की आशा
तीन नए जनमत सर्वेक्षणों में सीनेटर ओबामा अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे
आइये मिल कर सोचें: