(वी.ओ.ए न्यूज़)
पाकिस्तानी फौजों ने एक हफ्ते से भी कम समय में जम्मू और कश्मीर में दूसरी बार भारतीय सीमा चौकी पर अकारण गोलीबारी की, जबकि आज भारतीय सेना ने तंगधार क्षेत्र में अपने पाकिस्तानी समकक्षों के साथ एक बैठक का अनुरोध किया ।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सैनिकों ने उत्तरी कश्मीर के तंगधार क्षेत्र में कल रात एक अग्रिम भारतीय चौकी पर भारी मशीनगनों और मोर्टारों से हमला किया ।
सूत्रों ने बताया कि 15 से 20 मिनट के अंतराल में पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकी पर भारी मशीनगनों से 50 से 60 राउंड गोलियां चलाईं और भारी मोर्टार दागे ।
सेना के प्रवक्ता, कर्नल मनजिंदर सिंह ने भारतीय समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हमने कल रात गोलीबारी होने के बाद अपने पाकिस्तानी समकक्षों के साथ बैठक करने का अनुरोध किया है । उन्होंने हा कि हम यह नहीं कह सकते कि गोलियां उग्रवादियों ने चलाई या पाकिस्तानी सैनिकों ने, पर हमें आशा है कि बैठक में यह मुद्दा सुलझा लिया जाएगा ।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज इस घटना को चिंताजनक बताया । आज राष्ट्रपति भवन में एक समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए गोलीबारी के बारे में चिंता जाहिर की । उन्होंने कहा कि हमने सैन्य अभियान महानिदेशक के स्तर पर इस मुद्दे को उठाया है और उन्होंने यह स्पष्ट किया कि भारत-पाक संबंधों को प्रभावित करने वाले सभी मुद्दों को दोनों देशों के बीच विदेश मंत्री स्तर की आगामी बैठक के दौरान उठाया जाएगा ।
रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने कहा कि इस गोलीबारी के बारे में भारतीय चिंताओं की जानकारी उनके पाकिस्तानी समकक्ष को दे दी गई है ।
उधर पाकिस्तान ने आज इस बात से इन्कार किया कि उसके सैनिकों ने जम्मू और कश्मीर में एक हफ्ते से भी कम समय में एक भारतीय सीमा चौकी पर अकारण दूसरी बार गोलीबारी की ।
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स के एक प्रवक्ता ने एक बयान में नीलम घाटी में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा बिना कारण गोलियां चलाने के भारतीय दावे से इन्कार किया । प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय सेनाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है कि नियंत्रण रेखा के पाकिस्तानी क्षेत्र से गोलीबारी की कोई घटना नहीं हुई, जैसा कि दावा किया गया है ।
उसने कहा कि इस मुद्दे को हल करने के लिए आज फ्लैग मीटिंग भी की जाएगी ।
इस हफ्ते के शुरू में पाकिस्तानी रेंजर्स ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर जारी संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए साम्बा सेक्टर में गोलीबारी की थी और कल रात दूसरी बार उत्तरी कश्मीर के तंगधार क्षेत्र में भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की गई ।
गौरतलब है कि भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी 21 मई को पाकिस्तान की यात्रा पर जाने वाले हैं, जिसके दौरान दोनों देशों के बीच जारी समग्र संवाद प्रक्रिया के पिछले दौर की समीक्षा की जाएगी । उनकी यात्रा से कुछ दिन पहले ये दोनों घटनाएं हुई हैं ।