(वी.ओ.ए न्यूज़)
भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी आज रूस, चीन और ब्राज़ील के विदेश मंत्रियों के साथ आतंकवाद-विरोधी संघर्ष और वैश्विक आर्थिक स्थिति सहित कई मुद्दों पर चर्चा करने के लिए रूस पहुंचे । वह तीन दिन की यात्रा पर आए हैं ।
श्री मुखर्जी संयुक्त अरब अमीरात से एक विशेष विमान द्वारा रूस आए, जहां वह रूस और चीन के विदेश मंत्रियों के साथ त्रिपक्षीय बैठक और ब्राज़ील, रूस, और चीन के साथ चारपक्षीय वार्ताओं में भाग लेंगे ।
रूस के येकत्रिनबुर्ग क्षेत्र के कोल्तसोवो हवाई अड्डे पर रूस के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों और स्थानीय गवर्नर ने श्री मुखर्जी का गर्मजोशी से स्वागत किया । आज रात श्री मुखर्जी रूसी विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव द्वारा उनके और चीनी विदेश मंत्री यांग जीची के सम्मान में आयोजित अनौपचारिक रात्रि भोज में शरीक होंगे ।