 |
| Tribal_Area_Afgha-Pak |
संदिग्ध उग्रवादियों ने एक कथित अमेरिकी मिसाइल हमले का बदला लेने के लिए, जिसमें पाकिस्तान के कबीलाई क्षेत्र में कम-से-कम 12 लोग मारे गए थे, एक पाकिस्तानी सैनिक को मार दिया ।
उत्तर-पश्चिमी बाजौर क्षेत्र में एक स्थानीय अधिकारी मवाज़ खान ने बताया कि शुक्रवार की सुबह मुख्य शहर खार से करीब 8 किमी दूर अर्द्धसैनिक बल के जवान का शव मिला । अधिकारियों का कहना है कि उसके शव पर एक पत्र छोड़ा गया था, जिसमें लिखा था कि अफगान सीमा के पास बाजौर के दामादोला गांव में बुधवार को एक घर पर हुए हमले का बदला लेने के लिए सैनिक को मारा गया है । इस पत्र पर उग्रवादी गुट, तहरीक-ए-तालिबान के हस्ताक्षर थे ।
गुरुवार को उग्रवादी गुट के प्रवक्ता मौलवी उमर ने संदिग्ध अमेरिकी मिसाइल हमले का बदला लेने का संकल्प जताया था ।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि वे इस हमले की जांच कर रहे हैं । स्थानीय लोग अक्सर आरोप लगाते हैं कि अमेरिका के चालक रहित ड्रोन विमान ऐसे हमले करते हैं, लेकिन पाकिस्तान ने औपचारिक तौर पर अपने क्षेत्र के भीतर विदेशी सैन्य अभियानों पर प्रतिबंध लगा रखा है ।
उधर पाकिस्तान में इस्लामी पार्टियां बुधवार के संदिग्ध मिसाइल हमले को देश की सम्प्रभुता का हनन बताते हुए आलोचना कर रही हैं ।
यह हमला उस समय हुआ है, जब उग्रवादी नई पाकिस्तानी सरकार के साथ शांति समझौते पर बातचीत कर रहे हैं ।