 |
| Democratic presidential Hillary Rodham Clinton acknowledges supporters during her Kentucky primary election night rally 20 May 20, 2008 |
मंगलवार को हिलेरी क्लिंटन केंटकी प्राइमरी चुनाव में एक के मुकाबले दो से ज़्यादा के अंतर से जीत गईं, पर बराक ओबामा ओरेगॉन में जीत गए और डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपतीय नामांकन की दौड़ में एक और मील का पत्थर पार कर लिया । माइक ओ सुलीवान ने खबर दी है कि क्लिंटन ने दौड़ में बने रहने का संकल्प जताया है, जबकि ओबामा की नज़र नवंबर में होने वाले राष्ट्रपतीय चुनावों पर है ।
हिलेरी क्लिंटन केंटकी प्राइमरी में 35 प्रतिशत अंकों से जीतीं । एक्ज़िट पोल के अनुसार, महिलाओं और श्वेत मतदाताओं के बीच उनका प्रदर्शन अच्छा रहा ।
बराक ओबामा का प्रभाव शिक्षित मतदाओं के बीच अच्छा रहा और वह ज़्यादा उदारवादी पश्चिम तटीय राज्य ओरेगॉन में जीत गए ।
 |
| Democratic presidential hopeful Barack Obama acknowledges the crowd after he speaks at a rally in Des Moines, Iowa, 20 May 2008 |
प्राइमरी और कॉकस चुनावों से पार्टी की नामांकन सभा में प्रतिनिधियों की संख्या तय होती है और सीनेटर ओबामा ने मंगलवार को डेमोक्रेटिक पार्टी के अगस्त के सम्मेलन के लिए प्रतिबद्ध प्रतिनिधियों में से आधे से अधिक का समर्थन हासिल करके एक और जीत हासिल की । ओबामा ने आयोवा में भाषण दिया, जहां वह सर्द जनवरी की रात को अपना पहला मुकाबला जीते थे ।
"और, आज रात आयोवा में, जहां वसंत पूरे शबाब पर है, उनकी मदद से, जिन्होंने पोर्टलैंड से लुइसविले तक साथ दिया, हम अमेरिकी जनता द्वारा चुने गए बहुसंख्यक प्रतिनिधियों के साथ आयोवा लौटे हैं और आपने हमें संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक नामांकन की सीमा तक पहुंचा दिया है । "
अपने समर्थकों के साथ, क्लिंटन ने केंटकी में अपनी मामूली जीत का जश्न मनाया और वायदा किया कि वह दौड़ में बनी रहेंगी ।
"यह एक कड़ा मुकाबला है और मैंने इसे केवल उसी तरह से लड़ा है, जो मैं जानती हूं, संकल्प से, कभी प्रयास न छोड़ कर और कभी हार न मान कर ।(तालियां) "
 |
| Hillary_Clinton_Barack_Obam |
क्लिंटन ने अपनी आशाएं फ्लोरिडा और मिशीगन के अयोग्य करार दिये गए प्रतिनिधियों पर लगा रखी हैं, इन दो राज्यों को सबमें शामिल नहीं किया गया था क्योंकि उन्होंने अपने प्राइमरी चुनाव जल्दी करा कर पार्टी के नियमों को तोड़ा था । उन्हें आशा है कि उनके वोट गिने जाएँगे और सम्मेलन में उनके प्रतिनिधियों को स्थान दिया जाएगा ।
उन्होंने एक जून को प्यूर्टो रिको में और तीन जून को मोन्टाना और साउथ डकोटा में होने वाले चुनाव लड़ने का वायदा किया है ।
"मैं अब मोन्टाना, साउथ डकोटा और प्यूर्टो रिको में प्रचार करने जा रही हूं और मैं फ्लोरिडा और मिशीगन के मतदाताओं का साथ देती रहूंगी । "
ओबामा डेमोक्रेटिक प्राइमरी से आगे जाकर संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मैककेन के खिलाफ संगठित होने का अनुरोध करने पर ध्यान दे रहे हैं । उन्होंने अपनी साथी डेमोक्रेट, सीनेटर क्लिंटन की प्रशंसा की ।
"इस अभियान के दौरान हमारे बीच मतभेद रहे हैं । पर हम सब उनकी हिम्मत और उनकी प्रतिबद्धता और उनकी दृढ़ता की सराहना करते हैं । और जाहे इस प्राइमरी का अंत जो भी हो, सीनेटर क्लिंटन ने भ्रांतियां तोड़ी हैं और बाधाएं दूर की हैं और अमेरिका को बदल दिया है, जिसमें मेरी बेटियां और आपकी बेटियां बड़ी होंगी और इसके लिए हम उनके आभारी हैं । "
क्लिंटन और ओबामा, दोनों उन तथाकथित सैंकड़ों सुपरडेलीगेट्स—पार्टी अधिकारी और पदाधिकारी—का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, जो प्रतिबद्ध नहीं हैं और जिन्हें किसी भी उम्मीदवार का समर्थन करने का अधिकार है ।
ओबामा एक और महत्वपूर्ण दौड़ में आगे हैं—अभियान के लिए चंदे जुटाने में । उन्होंने केवल अप्रैल में ही 3.1 करोड़ डॉलर का चंदा जमा करने की जानकारी दी थी ।