(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| one of the sites of a series of bomb blasts which tore through crowded markets in the northwestern Indian city of Jaipur |
मुंबई में भारतीय जीवन बीमा निगम के नरीमन पोइंट स्थित कार्यालय को एक गुमनाम पत्र मिला है, जिसमें धमकी दी गई है कि अगर इंदौर और लखनऊ में हाल ही में गिरफ्तार किये गए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन, सिमी के कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा नहीं किया गया तो 24 मई को इस कार्यालय को उड़ा दिया जाएगा ।
पुलिस उपायुक्त (जोन 1) बृजेश सिंह ने बताया कि जीवन बीमा निगम के अधिकारियों ने शनिवार को यह पत्र पुलिस को दिया था, जिसके बाद इस इमारत की सुरक्षा बढ़ा दी गई है । निगम मुख्यालय को यह पत्र 17 मई को मिला था । इसे भेजने वाले ने दावा किया है कि वह प्रतिबंधित गुट, स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया, सिमी का सदस्य है और अगर इंदौर तथा लखनऊ में गिरफ्तार किये गए उनके कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया तो 24 मई को इस इमारत को उड़ा दिया जाएगा ।
जयपुर में हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों को देखते हुए इस पत्र को गंभीरता से लिया गया है और इमारत के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है । इस पत्र में भेजने वाले का पता नहीं लिखा है ।
इस साल मार्च में सिमी के प्रमुख कार्यकर्ताओं को इंदौर में गिरफ्तार किया गया था, जिसकी वजह से भी इस पत्र को गंभीरता से लिया जा रहा है ।
मध्य-प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने इंदौर में सिमी के महासचिव सफदर नागोरी और 10 अन्य सदस्यों को पकड़ा था । नागोरी पर संदेह है कि उसने सिमी को मजबूत बनाने के प्रयास में पाकिस्तान की आईएसआई के साथ संपर्क स्थापित कर लिये हैं ।