 |
| PAKISTAN FOREIGN SECRETARY SALMAN BASHIR SHAKING HANDS WITH INDIAN FOREIGN SECRETARY SHIV SHANKAR . |
भारत ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा गोलीबारी किये जाने पर चिंता जताई है, जिसके बाद इस्लामाबाद ने आश्वासन दिया कि वह जम्मू और कश्मीर सीमा पर संघर्षविराम का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है ।
आज इस्लामाबाद में भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिव की बैठक हुई । दोनों देशों के बीच जारी समग्र संवाद प्रक्रिया की समीक्षा करने के लिए हुई इस बैठक में भारतीय विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान बशीर के समक्ष इस मुद्दे को उठाया ।
बैठक के बाद श्री मेनन ने कहा कि दोनों पक्षों ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे संघर्ष विराम को बहुत महत्व देते हैं और इसे कायम रखना चाहते हैं ।
भारत नियंत्रण रेखा के पार से अपने सैनिकों पर हुई गोलीबारी की कई घटनाओं से बेहद चिंतित है । 8 मई से लेकर अब तक ऐसी तीन घटनाएं हो चुकी हैं और कल ही नियंत्रण रेखा के पार से हुई गोलीबारी में एक भारतीय सैनिक की मौत हो गई थी ।
पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि उसके सैनिकों ने भारतीय फौजों पर गोलियां नहीं चलाईं ।
श्री मेनन ने कहा कि दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों के बीच भी यह मुद्दा उठाया गया है और दोनों ही पक्षों ने नवंबर, 2003 में हुए संघर्षविराम का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई है ।