 |
| Brother of Talib Saddam leans on a car in which his brother was killed in the Shiite enclave of Sadr City in Baghdad |
इराकी फौजें एक अभियान के तहत बगदाद के सद्र सिटी इलाके में घुस गई हैं । शिया लड़ाकुओं के गढ़ पर कब्जा करने के लिए यह अभियान चलाया गया है ।
इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मंगलवार की सुबह ऑपरेशन पीस नामक अभियान चलाया । यह अभियान क्षेत्र को स्थायित्व देने एवं सुरक्षित करने के लिए चलाया गया है ।
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा है कि शहर के कई हिस्सों में सैकड़ों सैनिकों को लगाया गया है । उन्होंने बताया कि अभी तक हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है ।
यह अभियान इस महीने इराकी सरकार और कट्टरवादी धार्मिक नेता मुक्तदा अल-सद्र के वफादार शिया लड़ाकों के बीच हुए युद्ध विराम के अनुरूप ही है ।
सद्र सिटी में मार्च के अंतिम दिनों से लेकर अब तक लड़ाई में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं । मार्च में यह लड़ाई तब शुरू हुई थी, जब इराकी प्रधानमंत्री नूरी अल-मलीकी ने शिया उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया था ।
इस बीच, इराकी पुलिस ने कहा है कि बंदूकधारियों ने बगदाद से उत्तर दियाला प्रांत में घात लगाकर हमले की एक घटना में अल-कायदा के खिलाफ खड़े चार लड़ाकुओं की हत्या कर दी ।
मारे गए बंदूकधारी अमेरिका-समर्थित सुन्नी समूहों के थे । ये समूह अल-कायदा के खिलाफ हो गए हैं ।
दियाला प्रांत में आज ही अमेरिकी सेना ने बताया कि एक मोर्टार हमले में 3 इराकी मारे गए और 9 अन्य घायल हो गए । एक अलग बयान में कहा गया है कि एक आत्मघाती बम हमले में दियाला के जिस्र नफ्त क्षेत्र में एक बच्चा मारा गया और दो अन्य नागरिक घायल हो गए । अमेरिकी सेना ने यह भी कहा है कि गठबंधन फौजों ने सामरा में इराक में अल-कायदा के एक वरिष्ठ नेता को मार गिराया । उन्होंने पिछले दो दिनों के अपने इराकी अभियान के दौरान 20 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार भी किया है ।