 |
| Barack Obama, presumed Democratic Party nominee for U.S. president |
अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव अभियान में
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बराक ओबामा ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर ध्यान
केंद्रित किया, जबकि उनके रिपब्लिकन समकक्ष जॉन मैककेन ने शिक्षा के बारे में
चर्चा की । कुछ नए जनमत सर्वेक्षणों से पता चला है कि श्री ओबामा सीनेटर मैककेन से
आगे चल रहे हैं और वी.ओ.ए के राष्ट्रीय संवाददाता जिम मेलोन ने वॉशिंगटन से
इस बारे में रिपोर्ट भेजी है ।
सीनेटर ओबामा ने इंडियाना में एक बैठक में भाषण
दिया, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के कई खतरों, जिनमें परमाणु प्रसार और
साइबर तथा जैव-आतंकवाद शामिल हैं, पर अपने विचार रखे ।
श्री ओबामा ने कहा कि इराक में अमेरिकी भागीदारी को
समेटने के उनके इरादे से अमेरिका को दुनिया भर में परमाणु सामग्री को सुरक्षित
बनाने में नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा ।
"हम इराक में एक महीने में जितना पैसा खर्च कर रहे हैं, अगर इतना ही पैसा अगले
चार वर्षों के दौरान खर्च किया जाता तो हम दुनिया में मौजूद सभी खुली परमाणु
सामग्री को ताले में बंद कर सकते थे । मुझे लगता है कि यह अच्छा निवेश होगा ।"
श्री ओबामा के रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी सीनेटर जॉन
मैककेन ने सिनसिनाटी, ओहायो में एक प्रमुख नागरिक अधिकार संगठन, नेशनल एसोसियेशन
फॉर द एडवांसमेंट ऑफ कलर्ड पीपल को भाषण देते हुए शिक्षा में सुधार पर ध्यान
केंद्रित किया
श्री मैककेन ने कहा कि अगर वह चुने गए तो निम्न आय
वर्ग के अभिभावकों के लिए अपने बच्चों को सरकारी शिक्षा के विकल्प के तौर पर बेहतर
प्राइवेट स्कूलों में भेजना आसान कर देंगे ।
श्री मैककेन कमजोर घरेलू अर्थव्यवस्था के बारे में
भी बोले, जो जनमत सर्वेक्षणों के अनुसार मतदाताओं के लिए चुनावी अभियान में सबसे
बड़ा मुद्दा है ।
संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार ने करों में कटौती करने
की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई ।
"मेरा मानना है कि संकटग्रस्त अर्थव्यवस्था में, जहां लोग जिंदगी की जरूरतें
पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऊंचे टैक्स नहीं होने चाहिए । अर्थव्यवस्था
को नुकसान इसलिए नहीं हो रहा है क्योंकि कर्मचारियों और उद्योगों पर कम टैक्स लगाए
गए हैं ।
तीन नए जनमत सर्वेक्षणों में सीनेटर ओबामा छह से
लेकर 9 अंकों के बीच सीनेटर मैककेन से आगे हैं । ये सर्वेक्षण सीबीएस न्यूज़
और न्यूयॉर्क टाइम्स, एबीसी न्यूज़ और वॉशिंगटन पोस्ट और
कनेक्टिकट में किन्निपियाक विश्वविद्यालय ने किये थे ।
सीबीएस न्यूज़-न्यूयॉर्क टाइम्स के सर्वेक्षण से यह संकेत भी मिला है कि अमेरिकी मतदाताओं के बीच नस्लीय दरार
बरकरार है । इस सर्वेक्षण से पता चला कि 55 प्रतिशत श्वेत मतदाताओं का मानना है कि
देश में वर्तमान में नस्लीय संबंध अच्छे हैं, जबकि केवल 29 प्रतिशत
अफ्रीकी-अमेरिकी ऐसा मानते हैं ।
परंतु ज्यादातर अश्वेत और श्वेत मतदाता इस पर सहमत
हैं कि देश एक अफ्रीकी-अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए तैयार है ।