जून के अंत में अफगान राष्ट्रीय पुलिस के जम्प
स्टार्ट कार्यक्रम की पहली कक्षा ने काबुल, अफगानिस्तान के केन्द्रीय प्रशिक्षण केंद्र से पाठ्यक्रम पूरा कर लिया
। इस कक्षा में 233 कैडेट थे, जिनमें 4 महिलाएं थीं । इस तरह के कार्यक्रमों से
अफगान सरकार के अफगान राष्ट्रीय पुलिस को एक सक्षम और विश्वसनीय पुलिस बल में
पुनर्गठित करने के इरादे का संकेत मिलता है, जो अपने नागरिकों की रक्षा करने और
उन्हें सुरक्षा की अधिक आशा प्रदान करने में सक्षम हो ।
जम्प स्टार्ट जैसे कार्यक्रम मोटे तौर पर फोकस्ड
डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट (एफडीडी) पुलिस सुधार कार्यक्रम पर आधारित होते हैं, जिसे
अमेरिका-नीत संयुक्त सुरक्षा परिवर्तन कमांड-अफगानिस्तान ने नवंबर, 2007 में लागू
किया था । एफडीडी के दिशा-निर्देशों के तहत अफगानिस्तान के हर पुलिस क्षेत्र को पुनः प्रशिक्षित और पुनः कुशल बनाया जा रहा है ।
अफगान गृह मंत्रालय ने काबुल के 16 पुलिस क्षेत्रों
पर विशेष ध्यान देने के लिए एफडीडी मॉडल के आधार पर जम्प स्टार्ट कार्यक्रम बनाया
था । जम्प स्टार्ट कैडेटों को पुलिस के काम के सभी पहलुओं का फिर से प्रशिक्षण
दिया जाता है, जिनमें व्यावहारिक रणनीति, जैसे कि हथियार चलाना, विस्फोटकों से
निपटना और फर्स्ट एड देना शामिल है । इसके अतिरिक्त कैडेट को पुलिस आचार संहिता और
मानवाधिकारों का प्रशिक्षण भी मिल रहा है, जिससे उनका जनता के साथ बेहतर संबंध
स्थापित होगा ।
ऐसे पुनर्प्रशिक्षण कार्यक्रमों के इस्तेमाल से पहले
अफगान राष्ट्रीय पुलिस ज्यादातर बिना किसी औपचारिक शिक्षा और प्रशिक्षण के काम
करती थी, उन उपकरणों का
इस्तेमाल करती थी, जिनका सही रख-रखाव नहीं किया जाता था और अधिकतर बुनियादी
सुविधाओं का भी अभाव था ।
एफडीडी आधारित कार्यक्रम अफगान राष्ट्रीय पुलिस का
चेहरा बदल रहे हैं । एफडीडी के पूर्व कमांडर, आर्मी कर्नल माइकेल जे. मैकमहोन ने इस कार्यक्रम को भ्रष्टाचार का चक्र तोड़ने के
लिए पहला कदम बताया है, जो अफगानिस्तान में वास्तव में एक चुनौती है । श्री मैकमहोन ने कहा कि यह केवल प्रशिक्षण देने के बारे में नहीं है । यह पुलिस की
संस्कृति में सुधार करने के लिए है । जैसे-जैसे
जम्प स्टार्ट और अन्य कार्यक्रमों को पूरा करके ज्यादा कैडेट बाहर आएंगे, अफगान
राष्ट्रीय पुलिस अपने देश की सुरक्षा में ज्यादा योगदान देगी, जिससे वह तेजी से
आत्मनिर्भर हो सकेगा ।