(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| Ghazni Province, Afghanistan |
नाटो और अफगान फौजों ने मध्य अफगानिस्तान के एक सुदूर
क्षेत्र में हो रही नवीनतम लड़ाई में दर्जनों तालिबान उग्रवादियों को मार दिया ।
अफगान अधिकारियों ने बताया कि गज़नी प्रांत के सुदूर
अज़रिस्तान जिले में शुक्रवार को हवाई हमलों में 40 से ज्यादा उग्रवादी मारे गए ।
उग्रवादियों ने सुदूर क्षेत्रों पर सिलसिलेवार हमले
करने की मुहिम चलाकर सोमवार को अज़रिस्तान जिले पर कब्जा कर लिया था । अधिकारियों
ने कहा कि उग्रवादियों को वहां से निकालने के लिए तीन दिन चले अभियान के तहत हवाई
हमले किये गए थे ।
अफगान अधिकारियों ने शुक्रवार को यह भी बताया कि
दक्षिणी हेलमंड प्रांत में तालिबान के उग्रवादियों ने एक पुलिस चौकी पर हमला किया,
जिसके बाद तीन उग्रवादी मारे गए ।
यह लड़ाई उस समय हो रही है, जब जर्मन विदेश मंत्री
फ्रेंक-वॉल्टर स्टाइनमायर ने पश्चिमी शहर हेरात का दौरा किया, जिसकी पहले घोषणा
नहीं की गई थी ।
जर्मनी ने अफगानिस्तान में नागरिक पुनर्निर्माण
परियोजनाओं के लिए 2010 तक 1.7 अरब डॉलर से ज्यादा सहायता देने का वायदा किया है ।
शुक्रवार को ही डेनिश अधिकारियों ने बताया कि एक
डेनिश सैनिक की मौत हो गई, जब उसका टैंक एक विस्फोट की चपेट में आ गया । हेलमंड
प्रांत में डेनमार्क के 550 सैनिक हैं ।
उधर ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि गुरुवार को
हेलमंड प्रांत में उग्रवादियों के साथ लड़ाई में उसका एक सैनिक मारा गया । छह अन्य
ब्रिटिश सैनिक घायल हो गए और एक बम खोजी कुत्ता मारा गया ।
इससे अफगानिस्तान में मरने वाले ब्रिटिश सैनिकों की
कुल संख्या 112 हो गई है ।