 |
| Women are offered a 20-session training course on essential business management skills |
पिछले कुछ वर्षों में मध्य-पूर्व और उत्तर अफ्रीका
में महिलाओं ने बहुत प्रगति की है, जिसे अमरिका प्रोत्साहन और समर्थन देना चाहता
है । अमेरिकी विदेश मंत्रालय के महिला नेता कार्यक्रम का यही उद्देश्य है ।
मध्य-पूर्व सहभागिता पहल या एमईपीआई के कार्यालय द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम के
तहत महिला नेताओं द्वारा अपने मानवाधिकारों, कानूनी दर्जे, राजनीतिक भागीदारी और
आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ाने के प्रयासों को सहायता देने के लिए दो वर्ष की अवधि के
दौरान 18 लाख डॉलर दिये जाएंगे ।
मध्य-पूर्व सहभागिता पहल ने खाड़ी में और उत्तर
अफ्रीका में, जिसमें अल्जीरिया, लीबिया और ट्यूनीशिया शामिल हैं, महिला सशक्तिकरण,
नागरिक समाज को मजबूत बनाने और नेतृत्व का विकास करने के क्षेत्रों में सक्रिय और
क्षेत्रीय अनुभव प्राप्त संगठनों से आवेदन मांगे हैं । खासकर ऐसे प्रस्ताव मांगे
जा रहे हैं, जो न केवल नये हों, बल्कि इस क्षेत्र में पहले से ही लागू परियोजनाओं
को दोहराने से दूर रहें । कार्यक्रम के ऐसे विचारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो
स्वदेशी संगठनों के साथ महत्वपूर्ण भागीदारी पर केंद्रित होंगे और स्थानीय
भागीदारों द्वारा चिह्नित सुधार अवसरों का उपयोग करेंगे ।
एमईपीआई उन भागीदारों को पहचानने की कोशिश करता है,
जो 25 से 45 वर्ष की आयु के बीच की महिलाओं के लिए कौशल निर्माण की गतिविधियों के
कार्यक्रम विकसित करने में कार्यकुशलता दिखा चुके हैं । कार्यक्रमों में ऐसी
गतिविधियां शामिल होनी चाहिए, जो युवा महिलाओं को परिवर्तन के एजेंट के तौर पर,
खासकर सामुदायिक स्तर पर, सशक्त बनाने पर केंद्रित हों । ऐसी गतिविधियों को
प्राथमिकता दी जाएगी, जिनसे महिला पत्रकार सशक्त हों, महिला अधिकारियों और
राजनीतिक नेताओं के राजनीतिक कौशल में वृद्धि हो तथा उद्यमी महिलाओं और कानूनी
पेशेवर महिलाओं के बीच महिला अधिकारों की वकालत करने का जज़्बा विकसित हो ।
इसके लिए आवेदन www.grants.gov पर ऑनलाइन भेजे जा सकते
हैं । ये आवेदन 15 अगस्त, 2008 को पूर्वी मानक समय के अनुसार आधी रात से पूर्व जमा
कर दिये जाने चाहिए । महिलाओं की राजनीतिक और आर्थिक भागीदारी को प्रोत्साहन देना
अमेरिकी विदेश नीति का महत्वपूर्ण गुण है । महिला नेता कार्यक्रम इस उद्देश्य के
प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है ।