 |
Flood
|
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम सीमांत प्रांत में भीषण
बाढ़ में 100 से अधिक गांवों के तबाह होने की और पेशावर के उपनगरों में तथा
निकटवर्ती खैबर एजेंसी में मकानों, इमारतों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचने की
खबरें मिली हैं । 30 से ज्यादा लोगों के मरने के समाचार हैं । बहुत से अन्य लोगों
को पानी से होने वाली बीमारियों, भूख, प्यास और प्रतिकूल मौसम से खतरा होने की
संभावना है । बुनियादी ढांचा, जिसमें पुल, बिजली की तारें और सड़कें शामिल हैं,
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है । मकई, टमाटर, गन्ने की और अन्य फसलें नष्ट हो गई
हैं और बहुत से मवेशी मारे गए हैं ।
इस आपदा के पीड़ितों की सहायता के लिए अमेरिकी सरकार
प्रांत के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के लोगों के लिए 50,000 डॉलर की आपात्कालीन सहायता
उपलब्ध करा रही है । इस पैसे से पेशावर जिले के पटवार बाला और पटवार पायेन में 900
परिवारों के करीब 5,400 लोगों को डिब्बे, टैंकों से पेयजल, मिट्टी के तेल के
लैम्प, खाना पकाने के चूल्हे, ईंधन और रसोई के बर्तन दिये जाएंगे ।
अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय विकास एजेंसी, यूएसएड द्वारा
दी जा रही यह राहत सहायता प्राकृतिक आपदा के शुरुआती चरणों में जरूरी है ताकि और
अधिक नुकसान या मौतों को रोका जा सके । यूएसएड ने पाकिस्तान को 2003, 2005 और 2007
में बाढ़ आने पर इसी प्रकार की सहायता दी थी । अक्टूबर, 2005 में आए भूकंप के
तुरंत बाद यूएसएड ने भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाई थी, जिससे बहुत
सारे लोगों की जान बचाई जा सकी थी । तब से यह कुछ सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों
में पुनर्निर्माण में मदद कर रही है ।
2002 से अमेरिकी सरकार ने पाकिस्तान को आर्थिक
वृद्धि, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन में सुधार करने तथा भूकंप के बाद
पुनर्निर्माण में सहायता देने के लिए 2 अरब डॉलर से अधिक दिये हैं ।
इस वर्ष की विनाशकारी बाढ़ का उल्लेख करते हुए
पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत एन पीटर्सन ने कहा कि अमेरिका इस भीषण आपदा से
प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है । राजदूत पीटर्सन ने कहा कि
अमेरिकी लोगों की इस सहायता से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जरूरी सामान मुहैया
कराया जाएगा । उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हम आपके साथ हैं ।