 |
Sen. Barack Obama, (r), and Democratic vice presidential candidate, Sen. Joe Biden
|
अमेरिकी राष्ट्रपति पद के दोनों प्रमुख उम्मीदवारों
और उनके सहयोगी उम्मीदवारों ने सोमवार को निवेशक बैंक लीमेन ब्रदर्स की दिवालिया
होने की घोषणा के कारण उपजे वॉल स्ट्रीट के वित्तीय संकट पर प्रतिक्रिया दी ।
वॉशिंगटन से वी.ओ.ए के राष्ट्रीय संवाददाता जिम मेलोन ने खबर दी है कि
अमेरिकी वित्तीय क्षेत्र की समस्याओं ने राष्ट्रपतीय प्रचार अभियान में
अर्थव्यवस्था को फिर से सबसे बड़े मुद्दे के रूप में ला खड़ा किया है ।
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बराक ओबामा ने कोलोराडो में
प्रचार किया और वॉल स्ट्रीट की स्थिति को 1930 के दशक की महान मंदी के बाद सबसे
गंभीर वित्तीय संकट बताया ।
श्री ओबामा ने मौजूदा संकट के लिए बुश प्रशासन की 8
वर्ष से जारी नीतियों को दोषी ठहराते हुए कहा कि उनकी वजह से उपभोक्ताओं की सुरक्षा
को नुकसान हुआ और सरकार की निगरानी कमजोर हुई ।
 |
| Republican presidential candidate John McCain accompanied his vice presidential running mate, Alaska Governor Sarah Palin, at a rally in Lancaster, Pennsylvania |
उन्होंने कहा कि अब सम्पन्नता के नीचे तक पहुंचने के
बजाय मेन स्ट्रीट के मेहनती अमेरिकियों के संघर्षों का दर्द रिस कर वॉल स्ट्रीट की
सबसे बड़ी कंपनियों तक पहुंच गया है । यह देश इस असफल विचारधारा के चार और वर्ष
नहीं झेल सकता ।
श्री ओबामा के रिपब्लिकन विरोधी सीनेटर जॉन मैककेन
ने फ्लोरिडा में प्रचार किया ।
श्री मैककेन ने वायदा किया कि वह वित्तीय नियंत्रक
असावधानी की पुरानी पैबंद लगी चादर की जगह एक नई प्रणाली लाएंगे, जो अधिक पारदर्शी
होगी ।
उन्होंने कहा कि लोग इन घटनाओं से डरे हुए हैं ।
मेरे विचार में हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद अब भी मजबूत है, लेकिन यह बहुत कठिन
समय है ।
परंतु डेमोक्रेट समर्थकों ने श्री मैककेन की इस
टिप्पणी को पकड़ लिया कि अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है, विशेषकर जनमत
सर्वेक्षणों से हुए इस खुलासे के कारण, जिनसे पता चला है कि इस साल मतदाताओं को
आर्थिक मुद्दों की सबसे अधिक चिंता है ।
बाद में उसी दिन फ्लोरिडा में एक रैली में श्री
मैककेन ने अपनी टिप्पणियों में बदलाव किया ।
उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि देश में आर्थिक
संकट है और उन्होंने वॉल स्ट्रीट से लालच और भ्रष्टाचार को हटाने का वायदा किया ।
सीनेटर ओबामा ने कहा कि अर्थव्यवस्था के बारे में
सीनेटर मैककेन की प्रारंभिक सकारात्मक टिप्पणियों से साफ है कि वह अधिकतर
अमेरिकियों की आर्थिक चिंताओं से अनजान हैं ।
उन्होंने कहा कि अन्यथा वह यह क्यों कहते कि हमने
जॉर्ज बुश के शासन में आर्थिक रूप से बहुत उन्नति की है । हमें जागने पर वित्तीय
संकट की खबरें मिलीं और आज सुबह ही उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था की बुनियाद अब भी
मजबूत है ।
श्री ओबामा के उप राष्ट्रपति पद के सहयोगी
उम्मीदवार, सीनेटर जो बायडन ने इसका समर्थन किया ।
मिशिगन में श्री बायडन ने लोगों को बताया कि सीनेटर
मैककेन की आर्थिक योजना उसी नीति को जारी रखेगी, जो पिछले 8 वर्षों में राष्ट्रपति
बुश के शासन की रही है ।
उधर श्री मैककेन की उप राष्ट्रपति पद की सहयोगी
उम्मीदवार, अलास्का की गवर्नर सारा पालिन ने कोलोराडो में प्रचार किया और कहा कि
वह और श्री मैककेन टैक्स कम रखने के लिए संघर्ष करेंगे, जो अर्थव्यवस्था के विकास
का सर्वोत्तम उपाय है ।
अभी तक श्रीमती पालिन उप राष्ट्रपति पद के
उम्मीदवारों के संघर्ष में श्री बायडन पर भारी पड़ी हैं । श्री बायडन के पास विदेश
नीति का वर्षों का अनुभव है, लेकिन श्रीमती पालिन ने रिपब्लिकन पार्टी के भीतर
सामाजिक संकीर्णतावादियों को उत्साहित किया है और वह काफी बड़ी संख्या में महिला
मतदाताओं को भी आकर्षित कर रही हैं ।