जापान ने अमेरिका से कहा है कि उसके देश में स्थित एक सैन्य अड्डे को दूसरी जगह स्थानान्तरित करने के मामले में जापान की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिये. जापान ने कहा है कि अगले महीने राष्ट्रपति ओबामा की यात्रा से पहले इस मामले को सुलझाना संभव नहीं होगा.
जापानी रक्षामंत्री कात्सुया ओकादा ने अमेरिकी रक्षामंत्री रॉबर्ट गेट्स की यात्रा के एक दिन बाद ऐसा कहा. श्री गेट्स ने जापान को साफ शब्दों में कहा था कि दक्षिणी ओकीनावा द्वीप में अमेरिकी सैन्य अड्डा बनाने के पहले से तय समझौते का जापान को शीघ्रता से पालन करना चाहिये.
जापान में नयी सरकार के गठन के बाद से ही दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर गतिरोध बना हुआ है.
जापान की नयी सरकार ने कहा है कि वो ओकीनावा में 2014 तक नया अड्डा बनाने के समझौते की समीक्षा करेगी. स्थानीय लोगों ने वहां पर सैन्य अड्डा बनाने और अमेरिकी सैनिकों की उपस्थिति का विरोध किया है.