केंद्र में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी को महाराष्ट्र, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश के चुनावों में जीत मिली है. अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यों वाली विधानसभा में पार्टी को दो तिहाई से ज्यादा 41 सीटें मिली हैं. राज्य में एनसीपी को 6, तृणमूल कांग्रेस को 4 और भाजपा को 2 सीटें मिली हैं.
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में कांग्रेस 40 सीटें जीत चुकी है. जबकि ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाली इण्डियन नेशनल लोकदल 32 और भाजपा को 4 सीटें मिली हैं. हरियाणा जनहित कांग्रेस को 6 शिरोमणि अकाली दल और बसपा को 1-1 सीट मिली है जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों को 6 सीटों पर विजय मिली है.
ओम प्रकाश चौटाला ने कहा है कि उन्हें विपक्षी दलों और निर्दलीयों का समर्थन हासिल है और वो सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
राजनीतिक तौर पर बेहद अहम महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन की लगातार तीसरी सरकार बनना तय दिख रहा है. गठबंधन 144 सीटें जीत चुका है और 1 पर आगे चल रहा है. जबकि प्रमुख विपक्षी गठबंधन भाजपा-शिवसेना को 91 सीटें मिली हैं और वो 1 सीटों पर आगे चल रही हैं. भाजपा शिवसेना गठबंधन को 30 सीटों का नुकसान हुआ है.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को 13 सीटें मिली हैं जबकि अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को 40 सीटें मिली हैं.
मुख्यमंत्री अशोक चाह्वाण भोकर सीट से चुनाव जीत गये हैं. जबकि छगन भुजबल, नारायण राणे, अजित पवार और राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल के पुत्र रावसाहेब शेखावट भी अमरावती सीट से जीत गये हैं.