मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने तीन राज्यों के चुनावों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन का दोष इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी पर मढ़ने की कोशिश की लेकिन बाद में पार्टी ने मान लिया कि इसके पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं.
महाराष्ट्र, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश के लिये भाजपा के चुनाव प्रभारी मुख़्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वोटिंग मशीनों में धांधली की वजह से तीन राज्यों में कांग्रेस को जीत मिली है.
उन्होंने कहा, "ईवीएम कांग्रेस के लिये इलेक्ट्रानिक विक्टरी मशीन बन गयीं हैं. महाराष्ट्र से हमें सूचना मिली है कि 73 सीटों पर 600 वोट एक घण्टे में डाले गये. हरियाणा में भी 47 सीटों पर 300 वोट एक घण्टें में डाले गये."
भाजपा नेता ने पूछा कि ये कैसे संभव है कि किसी ईवीएम पर एक मिनट में 5 लोग अपना मतदान दर्ज करा दें. उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा दूसरे राजनीतिक दलों ने भी ईवीएम के प्रयोग पर सवाल उठाये हैं.
हालांकि बाद में श्री नकवी ने समाचार चैनलों पर अपना बयान वापस ले लिया और कहा कि हार के पीछे दूसरी वजहें भी हैं.