पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने भारत पर एक बार फिर उनके देश में अशांति भड़काने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर सक्रिय तालिबान आतंकवादियों को भारत धन मुहैया करा रहा है.
श्री मलिक ने कहा, वो पूरे तौर पर आश्वस्त हैं कि भारत उन कुछ शत्रुवत विदेशी शक्तियों में शामिल हैं जो पाकिस्तान में अस्थिरता फैलाने के लिये तालिबान की मदद कर रही हैं.
एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के अंदर कुछ देश विरोधी तत्व हैं और कुछ शक्तियां ऐसी हैं जो चाहती हैं कि पाकिस्तान स्थिर न हो पाये."
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत उन शक्तियों में से एक है जिनका रवैया पाकिस्तान के लिये शत्रुतापूर्ण है तो उन्होंने कहा, "हां है. मुझे इस पर कोई संदेह नहीं है. मैं खुलकर बातकर रहा हूं. मैंने इस बारे में पूरा ब्योरा दिया है."