नागपुर में खेले गए दूसरे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को ९९ रनों से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित ५० ओवर में ७ विकेट के नुकसान पर ३५४ रनों का विशाल स्कोर खडा किया मगर इस चुनौती के सामने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कुछ खास खेल नहीं दिखा पाए. ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम २५५ रन बनाकर आउट हो गई और भारत ने यह मैच आसानी से जीत लिया.
भारत की ओर से कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने धुवांधार बल्लेबाजी करते हुए १०७ गेंदों में ९ चौके और ३ छक्कों की मदद से १२४ रन की पारी खेली. सुरेश रैना ने ६२ रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया. रैना ने ५० गेंदों में ६ चौके और १ छक्का मारा. इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवे विकेट की साझेदारी में १३६ रन जोड़े.
भारत की शुरुआत काफी ख़राब रही जब मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर सिर्फ ४ रन बनाकर पवेलियन लौटे लेकिन सहवाग और गंभीर ने पारी संभाली. सहवाग ने ४० रन ठोके तो गंभीर ७६ रन बनाकर आउट हुए.
३५५ रनों के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी लडखडाई. भारत के गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की. सलामी बल्लेबाज शेन वाटसन और टीम पेन १९ और ८ रन के निजी स्कोर पर आउट हुए तो कप्तान रिकी पोंटिंग को प्रवीन कुमार ने १२ रन के निजी स्कोर पर ही एल बी डबल्यू आउट कर दिया.
उसके बाद मायकल हस्सी ने पहले व्हाइट और फिर वोग्स के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की लेकिन ऑस्ट्रेलिया के विकेट लगातार गिरते रहे. व्हाइट को हरभजन सिंह ने २३ रन के स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखया तो रविन्द्र जडेजा ने हस्सी को ५३ रन के निजी स्कोर पर और वोग्स को ३६ रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया.
अंत में ऑस्ट्रेलिया की टीम ४८.३ ओवर में सिर्फ २५५ रन ही बना पायीं. भारत की तरफ से प्रवीन कुमार ने २, रविन्द्र जडेजा ने ३, हरभजन सिंह ने १, और इशांत शर्मा ने २ विकेट लिए. ७ मैच की इस श्रृंखला में अब १-१ की बराबरी हो गयी है.