अमेरिका के ऊर्जा सचिव स्टीवेन चू ने कहा है कि भारत जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को स्वीकार करने और इससे निपटने की दिशा में काम करने को तैयार है. हालांकि उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में उतना आगे नहीं बढ़ा है जितना की चीन.
1997 में भौतिकी के नोबेल पुरस्कार विजेता रहे स्टीवेन चू ने एक साक्षात्कार में कहा, "भारत ने इस मामले में प्रगति दिखाई है. लेकिन वो चीन जितना आगे नहीं बढ़ पाये हैं. लेकिन फिर भी ये प्रशंसनीय है."
अमेरिकी ऊर्जा मंत्री का मानना है कि पृथ्वी के तापमान में वृद्धि से निपटने के लिये जीवाश्म आधारित ईंधन पर निर्भरता कम करनी होगी. श्री चू ने कहा कि भारतीय प्रतिनिधियों से बातचीत में उन्होंने इस पर चर्चा की और वो लोग जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को मानने के लिये तैयार हैं.