एक पाकिस्तानी न्यायालय ने आज शुक्रवार को पुलिस को आदेश दिया है कि पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के सहयोग नहीं करने पर उन्हें घोषित अपराधी करार दे दिया जाये. पश्चिमोत्तर प्रांत के ऐबटाबाद स्थित एक न्यायालय ने कहा कि यदि पूर्व राष्ट्रपति पुलिस के साथ सहयोग नहीं करें तो उनकी संपति जब्त कर ली जाये.
न्यायालय ने एक आदेश एक ऐसे व्यक्ति के परिजनों की याचिका की सुनवाई करते हुये दिया है जिसे पूर्व राष्ट्रपति के कार्यकाल में सुरक्षा एजेंसियों ने कथित तौर पर हिरासत में लिया था.
इस व्यक्ति के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पूर्व राष्ट्रपति के कार्यकाल में उनके इशारे पर इस व्यक्ति को गायब कर दिया गया था.
याचिकाकर्ताओं के वकील मोहम्मद इक़बाल ने पत्रकारों से कहा कि वो न्यायालय के इस आदेश से संतुष्ट हैं.