 |
| Pakistani policemen secure the site after a sucide bomb blast in Rawalpindi, 02 Nov 2009 |
पाकिस्तान की पुलिस ने कहा है रावलपिंडी में सेना के मुख्यालय के निकट एक
आत्मघाती बम विस्फोट में 35 लोग मारे गए हैं.इस हमले में ज़ख्मी होने
वालों की संख्या ३० से अधिक बताई गई है.
पुलिस ने कहा है ये विस्फोट आज, सोमवार को शालीमार होटल के निकट एक बैंक
के बाहर हुआ. ये स्थान राजधानी इस्लामाबाद से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर
है. टेलीविज़न स्टेशनों ने अपने प्रसारणों में एम्बुलेंस और
पुलिस की गाडियों को घटना स्थल की ओर दौड़ते दिखाया.कुछ घंटों बाद पूर्वी शहर लाहौर की एक जांच चौकी पर एक दूसरा आत्मघाती बम हमला हुआ, जिसमें कई पुलिस अधिकारियों सहित सात लोग घायल हो गए. इस हमले में दो संदिग्ध उग्रवादी भी मारे गए.
इस बीच सरकार ने देश के तालिबान नेताओं को जीवित या मरा हुआ पकड़कर लाकर
देने के लिए इनाम की घोषणा की है. समाचार पत्र के विज्ञापनों में एक
सरकारी घोषणा में कहा गया है पाकिस्तानी तालिबान नेता हकीमुल्ला महसूद और
एक दर्ज़न से भी अधिक अन्य पाकिस्तानी तालिबान को पकड़ने या पकड़ सकने के लिए
सूचना हासिल कराने वाले को पचास लाख डालर तक दिए जायेंगे.
पाकिस्तान की सेना की, देश के उत्तर पश्चिम इलाके- दक्षिण वज़िरिस्तान
कबायली क्षेत्र में, उग्रवादियों के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई जारी है.पिछले
महीने उग्रवादियों ने अपनी जवाबी कार्यवाही में पाकिस्तान के कई भागों में अनेक हमले किये
जिनमें सैंकडों लोग मारे गए हैं.
वहां जारी हिंसा के कारण, राष्ट्रसंघ को, सुरक्षा कारणों से
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान से अपने अंतर्राष्ट्रीय कर्मचारियों को
हटाने के आदेश देने पड़े हैं.