नई दिल्ली में भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच एक दिवसीय मैच को पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराने के पुलिस के दावे पर उस समय सवाल खड़ा हो गया जब शनिवार का मैच शुरू होने से ठीक पहले क्रिकेट मैदान से 7 जिंदा कारतूस मिलने की घटना सामने आयी है.
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कारतूस मिलने का मतलब सुरक्षा व्यवस्था में चूक नहीं है क्योंकि ये किसी सुरक्षाकर्मी के ही कारतूस थे जो कि उन्हें वहां भूल गया होगा.
खोजी कुत्तों की मदद से एक कागज में लिपटे ये कारतूस दूसरी मंजिल पर बने रेस्ट रूम से शनिवार का खेल शुरू होने से ठीक पहले बरामद किये गये थे.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये कारतूस किस सुरक्षा कर्मी के हैं जिसने इन्हें संभालने में ढिलाई बरती.