 |
| Iran's Amb. to the IAEA, Ali Asghar Soltanieh (L) speaks to the media after nuclear talks in Vienna, 21 Oct 2009 |
ईरान ने कहा है कि यूरेनियम संवर्धन योजना के बारे में वह और अधिक वार्ताएं करना चाहता है, जबकि विश्व शक्तियों की मांग है कि ईरान के निचले स्तर के यूरेनियम के रूस में संवर्धन की प्रस्तावित योजना के बारे में वह जल्दी से जल्दी जवाब दे.सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी में ईरान के प्रतिनिधि, अली असग़र सुल्तानिया ने कहा कि ईरान वियना में वार्ताओं के अगले दौर के लिए तैय्यार है.
इसके पहले ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड ने कहा था कि वह और रूसी विदेश मंत्री सर्गेयी लावरोफ़ दोनों, यूरेनियम संवर्धन के बारे में राष्ट्रसंघ समर्थित योजना पर ईरान का “जल्दी से जल्दी” उत्तर चाहते हैं.
ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि उनके देश ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से एक तकनीकी आयोग की स्थापना की मांग की है जो ईरान का निचले स्तर का अधिकतर यूरेनियम रूस भेजे जाने के प्रस्ताव का पुनरावलोकन करेगा. संवर्धन के बाद उस यूरेनियम को तेहरान के अनुसंधान प्रतिष्ठान में ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने के लिए भेजा जाएगा.
सोमवार को ईरान के विदेशमंत्री मनोच्चर मोत्ताकी द्वारा मलेशिया में पत्रकारों को दिए इस वक्तव्य के पहले शनिवार को ईरान के वरिष्ट विधायकों ने यूरेनियम विदेश भेजे जाने का विरोध किया था.
दो सप्ताह पहले वियना में यह प्रस्ताव तैय्यार किया गया था. अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद अल-बरदेई ने उस प्रस्ताव से संबंधित सभी पार्टियों, ईरान, अमरीका, रूस और फ़्रांस से 23 अक्टूबर तक उसका उत्तर देने का अनुरोध किया था. अभी तक ईरान ने कोई उत्तर नहीं दिया है.