खिलाड़ियों की चोटों से परेशान ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. भारत श्रृंखला के दौरान टीम के तेज गेंदबाज पीटर सिडल को भी श्रृंखला अधूरी छोड़कर घर वापस लौटना पड़ा है.
भारत-ऑस्ट्रेलिया के चौथे एक दिवसीय मैच में उनकी बगल में खिंचाव आ गया है.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक वक्तव्य में कहा, "क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया आज इस बात की पुष्टि करता है कि पीटर सिडल भारत दौरे से घर वापस लौटेंगे. मोहाली में भारत-ऑस्ट्रेलिया के चौथे एक दिवसीय खेल के दौरान उनके शरीर के बांये हिस्से में गहरी मोच आ गयी है."
चौथे मैच में सिडल केवल 5 ओवर ही फेंक पाये थे. टीम के फिजियोथेरेपिस्ट केविन सिम्स ने कहा की हालांकि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है लेकिन वो खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के साथ जोखि़म नहीं लेना चाहते हैं.
उन्होंने कहा, "अगले कई हफ्तों तक उनके ठीक से गेंदबाजी कर पाने की संभावना नहीं है. इसलिये इस दौरे में उनके आगे खेलने की संभावना नहीं है."