हरियाणा के पटौदी में नई दिल्ली-अजमेर शताब्दी से कुचलकर 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है. ये घटना उस समय हुई जब ये लोग रेलवे लाइन को पार कर रहे थे. घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने विरोध में तोड़ फोड़ भी की.
एक रेल अधिकारी ने बताया कि आज मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक मालगाड़ी के गुजरने के बाद कुछ लोग रेलवे लाइन पार करने लगे और दूसरी तरफ से आती शताब्दी ट्रेन को नहीं देख पाये.
दुर्घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने ट्रेन को रोककर उस पर पथराव किया. अभी तक मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है क्योंकि ट्रेन के कुचलने से शव बुरी तरह क्षत विक्षत हो गये हैं.