राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता छगन भुजबल ने कहा है कि जबतक कांग्रेस के साथ मंत्रालयों के बंटवारे पर कोई निर्णय नहीं हो जाता पार्टी कांग्रेस सरकार को बाहर से समर्थन देने को तैयार है.
छगन भुजबल ने मुंबई में पत्रकारों से कहा, "मंत्रालयों के बंटवारे पर बने गतिरोध को हल करने की कोशिश हो रही है और हमें एक-दो दिन में कोई हल निकलने की उम्मीद है."
श्री भुजबल ने कहा, "कांग्रेस को सरकार बनाने की पहल करनी चाहिये. हम बाहर से समर्थन देने को तैयार हैं. लेकिन हम सरकार में सम्मानपूर्वक तभी शामिल होंगे जब मंत्रालयों के बंटवारे की बात तय हो जायेगी."
इस मामले में आज राज्यपाल एस. सी. जमीर ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री अशोक चाह्वाण और छगन भुजबल को राजभवन बुलाकर उनसे बात भी की.
इस मुलाकात के बाद छगन भुजबल ने कहा, "कांग्रेस को सरकार बनाने की दावेदारी पेश करने दीजिये. हम भी राज्यपाल को समर्थन पत्र दे देंगे."