भारत के साथ पांचवे एक दिवसीय मैच से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी मोज़ेस हेनरिक्स को भी चोट आ गई है. श्रृंखला शुरू होने के बाद से हेनरिक्स तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें चोट की वजह से खेल से अलग होना पड़ा है. इससे पहले मोहाली में हुये चौथे मैच में तेज गेंदबाज पीटर सिडेल के शरीर के बांये हिस्से में खिंचाव आ गया था.
ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्रशिक्षक टिम नीलसन ने पत्रकारों से कहा, "हेनरिक्स के दांये पैर के पिछले हिस्से में चोट आ गई है जिसकी वजह से कल होने वाले पांचवे मैच में वो नहीं खेल पायेंगे."
हेनरिक्स खुद भी जेम्स होप्स की जगह इस दौरे में शामिल किये गये थे. बड़ौदा में पहले एक दिवसीय खेल में जेम्स होप्स को भी ऐसी ही चोट आ गई थी जिसकी वजह से उन्हें स्वदेश वापस लौटना पड़ा था.