विदेश सचिव निरुपमा राव ने कहा है कि ब्रह्मपुत्र नदी पर बांध बनाने का मामला भारत कई बार चीन के साथ उठा चुका है और हर बार चीन ने इससे इंकार किया है.
बुधवार को सुश्री राव ने नई दिल्ली में कहा, "मैं ये कहना चाहती हूं कि ये मुद्दा हम चीन के साथ पहले भी कई बार उठा चुके हैं और हर बार चीन ने ब्रह्मपुत्र नदी पर किसी तरह के बांध के निर्माण की बात से इंकार किया है."
भारतीय समाचार पत्रों में राष्ट्रीय दूर संवेदी एजेंसी का हवाला देते हुये खबरें प्रकाशित की गई थीं कि चीन ब्रह्मपुत्र नदी पर एक बांध बना रहा है. प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने ये मामला पिछले महीने थाइलैण्ड के हुआहिन में चीनी प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में भी उठाया था.
विदेश सचिव ने कहा कि इस सबके बावजूद चीन ने हमेशा ही ब्रह्मपुत्र पर बांध बनाने की खबरों से इंकार किया है. उन्होंने कहा कि भारत-चीन संबंध 'जटिल' हैं और आने वाले वर्षों में चीन के साथ बातचीत में और गहराई और प्रासंगिकता आयेगी.