कल मंगलवार को चंडीगढ़ पीजीआई में उनके कार्यक्रम की वजह से गुर्दे के एक रोगी की मृत्यु होने पर प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने मृतक की पत्नी को पत्र लिखकर खेद व्यक्त किया है.
32 वर्षीय सुमित वर्मा के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री के सुरक्षा कर्मियों ने गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के बावजूद उन लोगों को चंडीगढ़ पीजीआई के आपात चिकित्सा कक्ष तक जाने की अनुमति नहीं दी जिस वजह से सुमित की वहीं मौत हो गई.
अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों के कार्यक्रम के दौरान आम जनता असुविधा होने की बात मानते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था करते समय अधिकारियों को आम आदमी की मुश्किलों के प्रति अधिक संवेदनशील बनना होगा.
हालांकि प्रधानमंत्री ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया है लेकिन मीडिया से बातचीत में अस्पताल प्रशासन ने इस घटना का दोष मृतक के परिजनों पर ही डालने की कोशिश की.