ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में भारतीय छात्रों पर हमले अभी भी जारी है. इस बार इंजीनियरिंग का एक छात्र नस्लीय हिंसा का शिकार हुआ है. ऑस्ट्रेलियाई युवकों के एक समूह ने इस छात्र पर नस्लीय टिप्पणियां की और समूह में शामिल एक नवयुवती ने भारतीय छात्र को घूंसा भी मारा जिससे उसकी बांयी आंख में चोट आयी है.
36 वर्षीय अमृत गोयल ऑस्ट्रेलियन इण्डस्ट्रियल सिस्टम से ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं. उन पर मेलबोर्न के लेवरटॉन इलाके में हमला किया गया.
ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय छात्र संगठन के अध्यक्ष अमित मेघनानी ने मीडिया को बताया कि अमृत पर उनके घर के बाहर तीन लोगों ने हमला किया इनमें एक युवती भी थी.
अमृत गोयल ने कहा, "जब मैं अपने घर के बाहर खड़ा था उसी समय दो युवक और एक युवती मेरे पास आये और अपशब्दों का प्रयोग किया. जब मैंने उनसे शांत होने की अपील की तो उन्होंने मेरी बांयीं आंख में घूंसा मार दिया."
अमृत ने कहा कि उन्होंने पुलिस को बुलाया लेकिन वो लोग डेढ़ घण्टे बाद ही आये.