राष्ट्रकुल खेलों के लिये आधारभूत ढांचा तैयार करने में देरी और लागत बढ़ने की समस्याओं से निपटने के लिये केंद्र सरकार ने आयोजन समिति को 1620 करोड़ रुपये देने का निर्णय लिया है. खेल तैयारी के काम में तेजी लाने के लिये ये धनराशि समिति को आसान ऋण के रूप में उपलब्ध करायी जायेगी.
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अम्बिका सोनी ने बृहस्पतिवार को कैबिनेट की नियमित बैठक के बाद कहा, "2010 राष्ट्रकुल खेल आयोजन समिति को 1620 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराने के खेल और युवा मामलों के मंत्रालय के प्रस्ताव को संघीय कैबिनेट ने आज मंजूरी दे दी है."
उन्होंने कहा, "ये ऋण मौजूदा सरकारी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जायेगा ताकि समिति अगले साल 3 से 14 अक्टूबर के दौरान इन खेलों का आयोजन कर सके."
श्रीमती सोनी ने कहा कि पहले राष्ट्रकुल खेल के आयोजन के लिये 767 करोड़ रुपये का बजट रखा गया था.